3 करोड़ की कोडीनयुक्त कफ सीरप तस्करी:आरोपियों से पूछताछ के लिए पुलिस ने मांगी दो दिन की कस्टडी, 1 अक्टूबर को सुनवाई

Sep 30, 2026 - 10:24
0
3 करोड़ की कोडीनयुक्त कफ सीरप तस्करी:आरोपियों से पूछताछ के लिए पुलिस ने मांगी दो दिन की कस्टडी, 1 अक्टूबर को सुनवाई
बांदा के बिसंडा थाना क्षेत्र में बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के पास तीन सितंबर को पकड़ी गई करीब तीन करोड़ रुपए की कोडीनयुक्त कफ सीरप की खेप के मामले में पुलिस की रिमांड याचिका पर एक अक्टूबर को सुनवाई होगी। पुलिस ने मामले में जेल में बंद प्रियांशु गुप्ता, प्रवीण उर्फ लकी और रोहित से पूछताछ के लिए दो दिन की पुलिस रिमांड मांगी है। रिमांड की प्रक्रिया के तहत तीनों आरोपितों को 27 सितंबर को नोटिस दिया गया था। इसके बाद 28 सितंबर को न्यायालय ने उन्हें तलब किया था। अब एक अक्टूबर को रिमांड पर फैसला होना है। एसटीएफ और बिसंडा थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई में कोडीनयुक्त कफ सीरप से भरी मिनी ट्रक और एक कार पकड़ी थी। कार्रवाई में चार आरोपितों को गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ और जांच में अतर्रा निवासी प्रियांशु गुप्ता का नाम मुख्य भूमिका में सामने आया। इसके बाद पुलिस ने मामले से जुड़े अन्य आरोपितों को भी गिरफ्तार कर जेल भेजा। अब तक छह आरोपित जेल जा चुके हैं। जांच के दौरान बरामद सीरप के रैपर और डीसीएम चालक के कब्जे से मिले ई-वे बिल के जरिए पुलिस को सीरप के निर्माण और सप्लाई से जुड़ी कंपनियों की जानकारी मिली। पुलिस ने संबंधित कंपनियों से ऑर्डर, भुगतान, बिलिंग और माल की सप्लाई से जुड़े दस्तावेज मांगे थे। कंपनियों की ओर से उपलब्ध कराए गए दस्तावेजों से पुलिस पूरी तरह संतुष्ट नहीं है। ऐसे में रिमांड मिलने पर आरोपितों से पूछताछ कर दस्तावेजों में सामने आए तथ्यों का मिलान किया जाएगा। बिसंडा थाना की बिलगांव चौकी के प्रभारी और विवेचक गौरव मिश्रा ने न्यायालय में दाखिल रिमांड प्रार्थना पत्र में नौ बिंदुओं पर पूछताछ की जरूरत बताई है। पुलिस यह पता लगाना चाहती है कि कोडीनयुक्त कफ सीरप की खेप इससे पहले कब-कब मंगाई गई, आरोपितों के मोबाइल से कितने रुपये का और कहां-कहां लेनदेन हुआ और इस नेटवर्क में कितने लोग जुड़े हैं। इसके अलावा पुलिस सीरप की सप्लाई किन-किन स्थानों पर की जाती थी, इसमें शामिल अन्य लोगों और पूरे सप्लाई नेटवर्क की कड़ियों का पता लगाने की कोशिश करेगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User