3 मैसेज आए, खाते से 46,000 रुपए निकल गए:कानपुर में बुजुर्ग के साथ धोखाधड़ी, बोला-ATM तक नहीं बनवाया, फिर UPI कैसे चालू हुआ
घाटमपुर के पतारा में बुजुर्ग के बैंक खाते से तीन बार में करीब 46 हजार रुपए निकल गए। गुरुवार शाम मोबाइल पर एक के बाद एक तीन मैसेज पहुंचे तो उन्हें खाते से रकम निकलने की जानकारी हुई। बद्री विशाल अग्निहोत्री ने साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराने के साथ घाटमपुर थाने की साइबर हेल्प डेस्क में तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। तीन ट्रांजैक्शन में निकले 45,726 रुपए पतारा निवासी बद्री विशाल अग्निहोत्री का खाता पतारा कस्बे स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा में है। उन्होंने बताया कि गुरुवार शाम उनके मोबाइल पर लगातार तीन मैसेज आए। पहला ट्रांजैक्शन 24,588 रुपए का, दूसरा 19,639 रुपए और तीसरा 1,499 रुपए का हुआ। तीनों ट्रांजैक्शन में कुल 45,726 रुपए खाते से निकल गए। ATM नहीं बनवाया, फिर खाते से UPI ट्रांजैक्शन कैसे? बद्री विशाल का कहना है कि उन्होंने आज तक अपने खाते का ATM कार्ड नहीं बनवाया है। इसके बावजूद खाते से UPI के जरिए रकम निकल गई। उन्होंने बैंक खाते में UPI सुविधा सक्रिय होने को लेकर बैंक प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उन्होंने पुलिस और बैंक से खाते की जांच कराने के साथ साइबर फ्रॉड में गई रकम वापस दिलाने की मांग की है। 1930 पर शिकायत, साइबर हेल्प डेस्क ने शुरू की जांच रकम निकलने के मैसेज मिलने के बाद पीड़ित ने तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद घाटमपुर थाने पहुंचकर साइबर हेल्प डेस्क में तहरीर दी। साइबर हेल्प डेस्क प्रभारी कपिल ने बताया कि शिकायत की जानकारी मिली है। 1930 पर शिकायत दर्ज होने के बाद 24 घंटे तक उसका स्टेटस देखा जाता है। शिकायतकर्ता को 24 घंटे बाद बुलाया गया है। इसके बाद उपलब्ध तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)