जागरण देखने निकले युवक को ट्रैक्टर ने रौंदा:प्रयागराज में नगर निगम परिसर में हादसा, परिजन बोले- अस्पताल नहीं ले गए कर्मचारी
प्रयागराज में जागरण देखने घर से निकले 32 वर्षीय युवक की बुधवार रात नगर निगम के ट्रैक्टर की टक्कर से मौत हो गई। हादसा बुधवार रात नगर निगम के जोन-4 परिसर में हुआ। आरोप है कि हादसे की जानकारी नगर निगम के कुछ कर्मचारियों को तत्काल हो गई थी, लेकिन घायल को अस्पताल नहीं पहुंचाया गया। इससे उसकी मौत हो गई। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि नगर निगम के कर्मचारियों ने खुद को बचाने के लिए घायल हालत में ही संजय को उठाकर दूसरी जगह पर लिटा दिया। जहां उसकी मौत हो गई।
जार्जटाउन पुलिस ने मृतक की मां लक्ष्मी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने नगर निगम के कुछ कर्मचारियों को हिरासत में लेकर पूछताछ भी की है। पुलिस के मुताबिक हादसा नगर निगम के ट्रैक्टर से हुआ है।
टेंट हाउस में काम करता था
मटियारा रोड, अलोपीबाग निवासी संजय भारतीया (32) टेंट हाउस में काम करता था। वह चार भाइयों में दूसरे नंबर का था और अविवाहित था। बड़े भाई अमरचंद के मुताबिक, बुधवार रात संजय गणेश महोत्सव में आयोजित जागरण देखने के लिए घर से निकला था।
रात करीब 10 बजे नगर निगम के जोन-4 परिसर में वह नगर निगम के ट्रैक्टर की चपेट में आ गया। टक्कर इतनी गंभीर थी कि संजय की मौत हो गई।
समय से इलाज मिलता तो बच जाती जान
परिवार का आरोप है कि हादसे के बाद नगर निगम के कर्मचारियों को घटना की जानकारी हो गई थी। इसके बावजूद घायल संजय को अस्पताल नहीं ले जाया गया और न ही तत्काल पुलिस या उसके परिवार को सूचना दी गई।
परिजनों का यह भी आरोप है कि संजय को हादसे वाली जगह से उठाकर दूसरी जगह रख दिया गया। गुरुवार सुबह घटना की जानकारी मिलने के बाद परिवार नगर निगम परिसर पहुंचा। वहां उन्होंने कर्मचारियों की भूमिका को लेकर सवाल उठाए और हंगामा किया।
जेई और ठेकेदार की भूमिका पर भी सवाल
परिवार ने आरोप लगाया है कि नगर निगम का एक जेई और ठेकेदार हादसे की जानकारी होने के बावजूद मौके पर कार्रवाई करने के बजाय चुप रहे। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हादसे के बाद मौके पर कौन-कौन मौजूद था और घायल को समय पर अस्पताल क्यों नहीं पहुंचाया गया।
पुलिस ने कर्मचारियों से की पूछताछ
जार्जटाउन पुलिस ने मामले में नगर निगम के कुछ कर्मचारियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की है। पुलिस हादसे के समय ट्रैक्टर कौन चला रहा था, वाहन की स्थिति क्या थी और हादसे के बाद कर्मचारियों ने क्या किया। थाना प्रभारी रुकुमपाल सिंह ने बताया कि नगर निगम के ट्रैक्टर से हादसा हुआ है। मृतक की मां लक्ष्मी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)