33 केवी लाइन ठीक करते ऑपरेटर की मौत:बिजली चालू करने से हुआ हादसा, एक्सईएन समेत पांच पर FIR, 1.95 लाख आबादी की बिजली गुल
उन्नाव में औरास बिजली उपकेंद्र में शुक्रवार दोपहर 33 केवी लाइन पर काम करते समय संविदा ऑपरेटर ऋषि सिंह (33) की करंट लगने से मौत हो गई। आरोप है कि शटडाउन लेकर बिजली सप्लाई बंद कराई गई थी, लेकिन काम के दौरान बिना सूचना दिए आपूर्ति चालू कर दी गई। इससे ऋषि करंट की चपेट में आ गए। उन्हें सीएचसी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद उपकेंद्र में आग लग गई, जिसे ग्रामीणों ने बुझाया। घटना से नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर हंगामा किया। मृतक के पिता की तहरीर पर बिजली निगम के एक्सईएन, एसडीओ, जेई और दो ऑपरेटरों समेत पांच लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। वहीं, संविदा कर्मचारियों ने सुरक्षा उपकरण नहीं मिलने और तय समय से अधिक ड्यूटी कराने के आरोप लगाए हैं। भड़कंडी गांव निवासी ऋषि सिंह बिजली उपकेंद्र में संविदा ऑपरेटर थे। शुक्रवार दोपहर करीब 1:31 बजे जेई अंबिका प्रसाद यादव ने खोखापुर सब स्टेशन से शटडाउन लेकर लाइन बंद कराई थी। आरोप है कि ऋषि को पावर हाउस के ट्रांसफॉर्मर पर जंपर जोड़ने के लिए चढ़ाया गया। इसी दौरान बिजली सप्लाई चालू कर दी गई, जिससे वह करंट की चपेट में आ गए। हादसे के बाद उपकेंद्र में आग लग गई। ग्रामीणों ने आग बुझाई और ऋषि को सीएचसी पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मुआवजे की मांग पर हंगामा, पांच लोगों पर एफआईआर ऋषि की मौत की सूचना पर परिजन और ग्रामीण पहले बिजली उपकेंद्र और फिर सीएचसी पहुंचे। उन्होंने बिजली निगम के अधिकारियों को हादसे का जिम्मेदार ठहराते हुए मुआवजे की मांग की। परिजन एसडीओ धर्मेंद्र राजपूत के सामने एक्सईएन अजय कुमार कनौजिया और जेई अंबिका प्रसाद यादव को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़ गए। हंगामा बढ़ने पर पुलिस एसडीओ को वहां से थाने ले गई। सीओ हर्ष मोदी ने परिजनों को कार्रवाई और नियमानुसार मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया। थानाध्यक्ष संजीव कुशवाहा ने बताया कि मृतक के पिता मुनीश की तहरीर पर एक्सईएन अजय कुमार कनौजिया, एसडीओ धर्मेंद्र राजपूत, जेई अंबिका प्रसाद यादव और खोखापुर सब स्टेशन के ऑपरेटर हनुमान व राजपाल के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। एक साल पहले हुई थी शादी, छह माह की बेटी ऋषि अपने माता-पिता के इकलौते बेटे थे। पिता मुनीश ने बताया कि वर्ष 2025 में ऋषि की शादी जूटी से हुई थी। उनकी छह माह की बेटी है। बेटे की मौत के बाद मां कांती समेत परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। इकलौते बेटे को खोने के बाद वृद्ध पिता पर पत्नी, बहू और पोती की जिम्मेदारी आ गई है। सुरक्षा उपकरण नहीं मिलने का आरोप, 1.95 लाख आबादी प्रभावित औरास बिजली उपकेंद्र में संविदा पर तैनात लाइनमैन प्रदीप मौर्य देवा और विकास सिंह ने बिजली निगम और संबंधित कंपनी पर सुरक्षा उपकरण नहीं देने का आरोप लगाया। उनका कहना है कि वे वर्ल्ड क्लास प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के तहत काम करते हैं, लेकिन कर्मचारियों को सुरक्षा दस्ताने, वर्दी, सेंसर, हेलमेट, जूते और अर्थिंग रॉड तक उपलब्ध नहीं कराए गए हैं। कर्मचारियों का आरोप है कि आठ घंटे की ड्यूटी के बावजूद उनसे 24 घंटे काम कराया जाता है और काम करने से मना करने पर नौकरी से निकालने की धमकी दी जाती है। हादसे के बाद संविदा कर्मचारियों में आक्रोश है। उधर, दोपहर करीब डेढ़ बजे से क्षेत्र की बिजली आपूर्ति ठप होने से लगभग 1.95 लाख की आबादी प्रभावित हुई और लोगों को पानी की समस्या का सामना करना पड़ा। थाना और अन्य सरकारी कार्यालयों में भी कंप्यूटर से होने वाले काम प्रभावित हुए। हंगामे के चलते देर रात तक बिजली आपूर्ति बहाल होने की उम्मीद जताई गई थी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)