5,127 PACS कर्मचारियों को आठ साल से वेतन नहीं:संजय सिंह बोले- सरकार तुरंत जारी करे बकाया, 9 अक्टूबर को लखनऊ में वोट चोरी के मुद्दे पर प्रदर्शन
आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रभारी और राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने बुधवार को लखनऊ में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर PACS यानी प्राथमिक कृषि ऋण सहकारी समितियों के कर्मचारियों के वेतन का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि प्रदेश की करीब 5,127 सहकारी समितियों में काम करने वाले कर्मचारियों को पिछले आठ साल से वेतन नहीं मिला है। इनमें सचिव, अकाउंटेंट और चौकीदार शामिल हैं। संजय सिंह ने सरकार से इन कर्मचारियों का पूरा बकाया वेतन जल्द जारी करने की मांग की। 8 साल से वेतन का इंतजार संजय सिंह ने कहा कि प्रदेश में कुल 7,266 PACS समितियां हैं। इनमें से करीब 5,127 समितियों के कर्मचारियों को नियमित वेतन नहीं मिल रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार का बजट करीब 9 लाख करोड़ रुपये का है, लेकिन कर्मचारियों के वेतन के लिए करीब 313 करोड़ रुपये नहीं दिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि 2018-19 से अधिकारी लगातार सरकार को बजट जारी करने के लिए पत्र लिख रहे हैं, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ। संजय सिंह ने कहा कि कर्मचारियों के घरों में वेतन नहीं पहुंचने से उनके सामने बच्चों की पढ़ाई, घर का खर्च और इलाज जैसी परेशानियां खड़ी हो गई हैं। 1,223 कैडर सचिवों को नियमित वेतन नहीं मिलने का दावा प्रेस कॉन्फ्रेंस में मौजूद सहकारी समिति कर्मचारी प्रतिनिधि शैलेंद्र तिवारी ने बताया कि प्रदेश में 2,002 कैडर सचिव हैं। इनमें से 1,223 को नियमित वेतन नहीं मिल रहा है। उन्होंने दावा किया कि सहकारिता मंत्री के गृह जिले में भी करीब 1.80 करोड़ रुपये का वेतन बकाया है। तिवारी ने यह भी कहा कि कर्मचारियों के पक्ष में कोर्ट के आदेश होने के बावजूद उन्हें उनका पैसा नहीं मिल रहा है। करीब नौ साल की सेवा पूरी कर चुके कैडर सचिवों की एडीओ पद पर प्रमोशन की मांग भी लंबे समय से अटकी हुई है। 9 अक्टूबर को लखनऊ में प्रदर्शन करेगी AAP संजय सिंह ने चुनाव आयोग और वोटर लिस्ट में कथित गड़बड़ी का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि एसआईआर के नाम पर बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम काटे गए हैं। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर भी सवाल उठाए। संजय सिंह ने कहा कि आम आदमी पार्टी 9 अक्टूबर को लखनऊ में वोट चोरी के आरोप और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली के विरोध में बड़ा प्रदर्शन करेगी। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग भी की। ईवीएम पर भी सरकार को घेरा ईवीएम के मुद्दे पर संजय सिंह ने कहा कि अगर भाजपा को अपनी लोकप्रियता पर इतना भरोसा है तो बैलेट पेपर से चुनाव कराने की चुनौती स्वीकार करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी लंबे समय से चुनाव प्रक्रिया को लेकर सवाल उठाती रही है। लखनऊ की बाढ़ का भी उठाया मुद्दा संजय सिंह ने लखनऊ में बाढ़ की स्थिति का भी मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में घरों में पानी भर गया है और लोगों को काफी परेशानी हो रही है। उन्होंने राज्य सरकार से बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए राहत पैकेज देने और बचाव कार्य तेज करने की मांग की। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता भी प्रभावित इलाकों में राहत के काम में जुटे हैं। संजय सिंह ने सरकार से बाढ़ प्रभावित परिवारों तक जल्द से जल्द मदद पहुंचाने की मांग की।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)