50 साल पुराना पुल होगा ध्वस्त,90 दिन बंद रहेगा रास्ता:अर्जुन नगर के लोगों ने किया विरोध, बोले-दिवाली के बाद हो बंद
आगरा शहर के व्यस्ततम ईदगाह-खेरिया रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) का नवनिर्माण 17 अक्टूबर से शुरू होगा। पहले इस पुल की मरम्मत की योजना थी, लेकिन 50 वर्ष की अवधि पूरी होने के कारण रेल प्रशासन ने नया पुल बनाने का निर्णय लिया है। निर्माण के चलते 90 दिनों तक सड़क यातायात पूरी तरह बंद रहेगा। आगरा रेल मंडल के जनसंपर्क अधिकारी संजय कुमार गौतम ने बताया कि इस आरओबी का निर्माण वर्ष 1970 में हुआ था। संरचनात्मक रूप से कमजोर होने के चलते अब इसे नया बनाया जाएगा। रेलवे ने 15 जनवरी 2027 तक काम पूरा करने का लक्ष्य रखा है। पुल बंद होने की अवधि में वाहन चालकों को अर्जुन नगर तिराहे से बारह खंभा डबल फाटक मार्ग स्थित रेलवे फाटक संख्या 75 से होकर गुजरना होगा। इससे खेरिया मोड़, अर्जुन नगर, अजीत नगर और आसपास के क्षेत्रों में यातायात का दबाव बढ़ेगा। लोगों को जाम और धूल की समस्या का सामना करना पड़ेगा। रेल प्रशासन ने लोगों से यातायात संबंधी निर्देशों का पालन करने की अपील की है। दिवाली के बाद पुल बंद करने की मांग
उधर, ईदगाह-खेरिया आरओबी को 17 अक्टूबर से बंद करने के विरोध में अर्जुन नगर और अजीत नगर के निवासी लामबंद हो गए हैं। बृहस्पतिवार को श्रीराम सेवा सदन में क्षेत्रीय लोगों ने बैठक कर दिवाली के बाद पुल बंद करने की मांग की। लोगों ने कहा कि त्योहार के समय पुल बंद होने से बाजार और आवागमन प्रभावित होगा। क्षेत्रीय निवासी दिग्विजय सिंह ने बताया कि पहले बारह खंभा मार्ग की सड़क को दुरुस्त कराया जाए और अतिक्रमण हटाया जाए। वैकल्पिक मार्ग पर यातायात सुचारु रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाए। लोगों ने शुक्रवार को खेरिया मोड़ पर प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री के नाम जिलाधिकारी को ज्ञापन देने का एलान किया है। बैठक में कन्हैया राय, राजेश यादव, राजेश चौधरी, प्रमोद पाठक, डॉ. दुर्गेश शर्मा समेत बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)