540 सफाई कर्मचारियों की बहाली को लेकर धरना:मथुरा नगर निगम पर वाल्मीकि समाज का प्रदर्शन, उग्र आंदोलन की चेतावनी

Oct 06, 2026 - 19:51
0
540 सफाई कर्मचारियों की बहाली को लेकर धरना:मथुरा नगर निगम पर वाल्मीकि समाज का प्रदर्शन, उग्र आंदोलन की चेतावनी
मथुरा-वृंदावन नगर निगम में 540 सफाई कर्मचारियों की नियुक्ति न होने और काम से हटाए जाने के विरोध में वाल्मीकि समाज एवं कर्मचारी संगठनों का आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। मंगलवार को कर्मचारियों और संगठन के पदाधिकारियों ने नगर निगम कार्यालय परिसर में एकत्र होकर अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया। इस दौरान कर्मचारियों ने नगर निगम प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों को जल्द पूरा करने की मांग की। प्रदर्शनकारी कर्मचारियों का कहना है कि 540 सफाई कर्मचारियों को अब तक नियुक्ति नहीं दी गई है। इसके विरोध में तीन अक्टूबर से अनिश्चितकालीन कामबंद हड़ताल शुरू की गई है। कर्मचारियों के काम पर नहीं लौटने से शहर के कई इलाकों में सफाई व्यवस्था प्रभावित होने लगी है और जगह-जगह कूड़े के ढेर नजर आने लगे हैं। कर्मचारी नेताओं ने नगर निगम प्रशासन पर कर्मचारियों की समस्याओं को लेकर संवेदनहीन रवैया अपनाने का आरोप लगाया। उनका कहना है कि कई बार वार्ता और पत्राचार के माध्यम से अधिकारियों के सामने समस्या रखी जा चुकी है, लेकिन अभी तक कर्मचारियों के हित में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। कर्मचारियों का आरोप है कि अधिकारियों की ओर से बातचीत की पहल भी नहीं की गई और न ही कोई स्पष्ट आश्वासन दिया गया है। कर्मचारी संघ के नेता विक्की वाल्मीकि ने कहा कि संगठन की ओर से अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में नगर निगम कार्यालय पर शांतिपूर्ण धरना शुरू किया गया है। उन्होंने कहा कि जब तक 540 सफाई कर्मचारियों को बहाल कर काम पर वापस नहीं लिया जाता, तब तक कामबंद हड़ताल जारी रहेगी। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि मांगों का जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। जरूरत पड़ने पर इसे वृंदावन से लेकर आगरा मंडल स्तर तक ले जाने की बात कही गई है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User