6वीं की छात्रा पायल बनीं एक दिन की DM:6 फरियादियों की शिकायतें सुनीं, अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए
फर्रुखाबाद में मिशन शक्ति अभियान के तहत मंगलवार को उच्च प्राथमिक विद्यालय पिपरगांव की कक्षा छह की छात्रा पायल दीक्षित को एक दिन का प्रतीकात्मक जिलाधिकारी बनाया गया। डीएम डॉ. अंकुर लाठर के निर्देश पर यह पहल हुई। पायल का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया गया। उन्होंने सुबह 11:30 बजे से जनसुनवाई की और छह फरियादियों की शिकायतें सुनीं। जमीन पर कब्जे और अतिक्रमण की शिकायतें सुनीं जनसुनवाई के दौरान फरियादियों ने जमीन पर कब्जे, अतिक्रमण, जाम, सरकारी भूमि पर अवैध निर्माण और आवास न मिलने जैसी समस्याएं बताईं। पायल ने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों की जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित उप जिलाधिकारियों, नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी, नगर मजिस्ट्रेट और मुख्य विकास अधिकारी को मामलों में आवश्यक कार्रवाई के लिए कहा। डीएम ने पौधा देकर किया सम्मानित जनसुनवाई के बाद डीएम डॉ. अंकुर लाठर ने पायल दीक्षित को पौधा भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि इस तरह की पहल से बालिकाओं में आत्मविश्वास, निर्णय लेने की क्षमता और नेतृत्व कौशल विकसित होता है। इससे वे सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति भी जागरूक होती हैं। डीएम ने कहा कि बालिकाएं समाज का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। उन्हें समान अवसर देकर सशक्त बनाना जरूरी है। मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा देने के साथ उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करना भी है। प्रशासनिक कामकाज समझने का मिला अवसर प्रतीकात्मक जिलाधिकारी की जिम्मेदारी निभाते हुए पायल ने जनसुनवाई की प्रक्रिया को समझा। उन्हें यह जानने का अवसर मिला कि प्रशासनिक अधिकारी लोगों की समस्याएं सुनकर संबंधित विभागों के माध्यम से उनके समाधान के लिए किस तरह कार्रवाई कराते हैं। यह पहल बालिकाओं को प्रशासनिक नेतृत्व से जोड़ने और उन्हें भविष्य में जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करने की दिशा में की गई।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)