शामली में मुकदमा वापस लेने का दबाव बनाने का आरोप:गर्भवती बेटी को गंभीर चोटें आईं, आरोपियों पर FIR और गिरफ्तारी की मांग

Oct 13, 2026 - 15:29
0
शामली में मुकदमा वापस लेने का दबाव बनाने का आरोप:गर्भवती बेटी को गंभीर चोटें आईं, आरोपियों पर FIR और गिरफ्तारी की मांग
शामली में एक महिला ने गांव के कुछ लोगों पर मुकदमा वापस लेने का दबाव बनाने, घर पर कब्जा कर ताला लगाने और अपनी बेटियों के साथ मारपीट कर घर से निकालने का आरोप लगाया है। महिला का दावा है कि मारपीट में उसकी दोनों बेटियां घायल हो गईं। इनमें एक बेटी गर्भवती है और उसे गंभीर चोटें आई हैं। पीड़िता ने मंगलवार दोपहर 2 बजे पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने और उनकी गिरफ्तारी की मांग की है। मामला झिंझाना थाना क्षेत्र का है। एसपी को दिए प्रार्थना पत्र में प्रवीण पत्नी साजिद निवासी गांव जिजौला ने बताया कि उसका पति उसे छोड़कर हरियाणा के पानीपत में दूसरी महिला के साथ रह रहा है। वह अपनी बेटियों के साथ गांव में रहकर घरों में काम करके परिवार का भरण-पोषण करती है। महिला के अनुसार, 11 अगस्त 2026 को हंसराज, राशिद, वाजिद और जीशान समेत अन्य लोगों ने उसके साथ मारपीट की थी। इस मामले में मेडिकल परीक्षण के बाद मुकदमा दर्ज हुआ था। मुकदमा वापस लेने का दबाव बनाने का आरोप पीड़िता का आरोप है कि पुराने मुकदमे में समझौता करने और उसे वापस लेने के लिए उस पर दबाव बनाया जा रहा था। प्रार्थना पत्र के मुताबिक, 22 सितंबर 2026 को हंसराज, वाजिद, जीशान, सरफराज, शादान, जाकिर और आशू ने कथित तौर पर एकराय होकर उसके घर पर कब्जा कर ताला लगा दिया। विरोध करने पर उसे और उसकी बेटियों को धक्का देकर घर से बाहर निकाल दिया गया। महिला ने आरोप लगाया कि इसके बाद आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए उसे और उसकी बेटियों को बंधक बनाकर लात-घूंसों और ईंट-पत्थरों से पीटा। मारपीट में उसकी बेटियां गुलिस्ता और गुलशन बेहोश हो गईं। पीड़िता का दावा है कि आरोपियों ने दोनों बेटियों को मृत समझकर घर से बाहर नाली के किनारे फेंक दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। महिला के अनुसार, दोनों बेटियों का उपचार चल रहा है। गर्भवती गुलिस्ता को गंभीर चोटें आने के कारण शामली भेजा गया। चौकी पर सुनवाई नहीं होने का आरोप प्रवीण ने आरोप लगाया कि घटना के संबंध में चौसाना पुलिस चौकी पर प्रार्थना पत्र देने के बावजूद उसकी शिकायत पर कार्रवाई नहीं हुई। उसने पुलिसकर्मियों पर खर्चा मांगने का भी आरोप लगाया। पीड़िता का दावा है कि घटना के बाद से वह करीब 50 बार चौकी के चक्कर लगा चुकी है, लेकिन नए मामले में अब तक मुकदमा दर्ज नहीं किया गया। पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक से मामले में रिपोर्ट दर्ज कराने, आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने और उनकी तत्काल गिरफ्तारी सुनिश्चित कराने की मांग की है। वहीं, थाना प्रभारी वीरेंद्र कुमार कसाना ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। इसकी जांच की जा रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User