70 बुजुर्ग का एटीएम कार्ड बदलकर 17 हजार रुपए निकाले:पुलिस कमिश्नर के आदेश पर चकेरी थाने में FIR दर्ज, आरोपी की तलाश जारी
कानपुर के चकेरी थाना क्षेत्र के लाल बंगला में एटीएम कार्ड बदलकर एक बुजुर्ग के बैंक खाते से 17 हजार रुपये निकालने का मामला सामने आया है। 70 वर्षीय बुजुर्ग की शिकायत पर पुलिस कमिश्नर के आदेश के बाद चकेरी थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। विमान नगर, सफीपुर द्वितीय निवासी प्रदीप राय के मुताबिक, पांच जुलाई को वह लाल बंगला स्थित पवन स्वीट्स के बगल में केनरा बैंक के एटीएम से रुपये निकालने गए थे। वहां पहले से मौजूद एक युवक ने उनसे कहा कि उसके खाते से रुपये नहीं निकल रहे हैं और वह पहले अपना पैसा निकाल लें। प्रदीप राय ने कई बार एटीएम से रुपये निकालने का प्रयास किया, लेकिन हर बार पिन नंबर एरर बताता रहा। इसके बाद वह घर लौट आए। पीड़ित के अनुसार, कुछ देर बाद मोबाइल पर आए मैसेज से पता चला कि उनके बैंक खाते से एक बार 15 हजार और दूसरी बार दो हजार रुपये निकाल लिए गए हैं। कुल 17 हजार रुपये निकलने की जानकारी पर उन्होंने एटीएम कार्ड चेक किया तो पता चला कि कार्ड बदल दिया गया था। प्रदीप राय ने घटना की सूचना पुलिस को दी। छह जुलाई को लाल बंगला चौकी से एक पुलिसकर्मी उनके साथ बैंक गया और एटीएम की सीसीटीवी फुटेज चेक कराई। पीड़ित का दावा है कि फुटेज में युवक द्वारा धोखे से एटीएम कार्ड बदलने की घटना कैद हुई थी। पुलिसकर्मी ने फुटेज अपने मोबाइल में रिकॉर्ड भी की थी। दो बार ई-एफआईआर खारिज होने का आरोप पीड़ित के मुताबिक, उनके मोबाइल से पहली ई-एफआईआर दर्ज कराई गई, जो 22 अगस्त को खारिज हो गई। इसके बाद दूसरी ई-एफआईआर भी दर्ज कराई गई, लेकिन वह छह अक्टूबर को खारिज कर दी गई। इसके बाद उन्होंने 12 अक्टूबर को पुलिस कमिश्नर से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की। थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्र ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है। सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपी की पहचान कर जल्द मामले का खुलासा किया जाएगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)