8वीं की ज्योति बनीं एक दिन की DM:वंशिका को मिला CDO का प्रभार, मिशन शक्ति के तहत जिम्मेदारी मिली
बालिका सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए चलाए जा रहे 'मिशन शक्ति 6.0' अभियान के तहत कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, सुरसा की दो मेधावी छात्राओं को एक दिन के लिए जिले के शीर्ष पदों की कमान सौंपकर सम्मानित किया गया। कक्षा 8 की छात्रा ज्योति को एक दिन के लिए जिलाधिकारी (DM) और छात्रा वंशिका को मुख्य विकास अधिकारी (CDO) की प्रतीकात्मक जिम्मेदारी निभाने का सुनहरा अवसर मिला। इस खास मौके पर जिलाधिकारी राहुल पाण्डेय ने एक दिन की प्रतीकात्मक डीएम बनीं छात्रा ज्योति का हौसला बढ़ाया। उन्होंने ज्योति को प्रशासनिक कार्यप्रणाली, एक डीएम के कार्यालयीन दायित्वों और जन शिकायतों के निस्तारण की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी। वहीं, दूसरी तरफ इसी सशक्तिकरण अभियान के तहत 8वीं कक्षा की ही छात्रा वंशिका को एक दिन के लिए मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) की कुर्सी पर बैठने का गौरव प्राप्त हुआ। मुख्य विकास अधिकारी श्रीमती नेहा ब्याडवाल ने छात्रा वंशिका को अपने पास बैठाकर विकास भवन से जुड़ी प्रशासनिक कार्यप्रणाली, महत्वपूर्ण दायित्वों, जिले में चल रही विभिन्न विकास योजनाओं और जनसुनवाई की पूरी प्रक्रिया को बड़े ही आसान शब्दों में समझाया। बेटियों में नेतृत्व क्षमता और प्रशासनिक समझ विकसित करने वाली इस शानदार पहल के दौरान जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी प्रभात मिश्रा सहित अन्य संबंधित अधिकारी भी विशेष रूप से उपस्थित रहे और बालिकाओं का उत्साहवर्धन किया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)