हरदोई में लुटेरी दुल्हन गैंग का भंडाफोड़: 13 शादियां, लाखों की ठगी, तीन महिलाएं गिरफ्तार
हरदोई (उत्तर प्रदेश): यूपी के हरदोई जनपद से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां 'लुटेरी दुल्हन गैंग' ने 13 शादियों के जरिए लोगों को लाखों रुपये का चूना लगाया। पुलिस ने इस गैंग की तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया है, जो शादी का झांसा देकर नकदी और जेवर लेकर फरार हो जाती थीं।
दि राइजिंग न्यूज। हरदोई (उत्तर प्रदेश): यूपी के हरदोई जनपद से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां 'लुटेरी दुल्हन गैंग' ने 13 शादियों के जरिए लोगों को लाखों रुपये का चूना लगाया। पुलिस ने इस गैंग की तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया है, जो शादी का झांसा देकर नकदी और जेवर लेकर फरार हो जाती थीं।
पुलिस जांच में सामने आया है कि ये महिलाएं ऐसे पुरुषों को निशाना बनाती थीं जिनकी शादी नहीं हो रही थी और जिनके परिवार इसको लेकर चिंतित रहते थे। पहले ये महिलाएं भरोसा जीततीं, फिर कोर्ट मैरिज या पारंपरिक शादी का झांसा देकर दूल्हे और उसके परिजनों को नशीला पदार्थ देकर बेहोश कर देतीं और घर से नकदी व गहने लेकर फरार हो जातीं।
नीरज गुप्ता की कहानी से खुली पोल
हरदोई के सांडी थाना क्षेत्र निवासी नीरज गुप्ता भी इस गिरोह के शिकार बने। अविवाहित नीरज की शादी को लेकर परिवार चिंतित था। इसी बीच, एक पुराने परिचित प्रमोद ने उन्हें एक युवती से शादी कराने का प्रस्ताव दिया। युवती की फोटो और बातचीत के आधार पर नीरज और उनके परिवार ने शादी के लिए सहमति जताई।
कोर्ट मैरिज की प्रक्रिया शुरू होने से पहले ही, कथित दुल्हन ने करीब तीन लाख रुपये के जेवरात लेकर फरार हो गई। इसके बाद पीड़ित परिवार ने पुलिस से संपर्क किया, जिसके बाद जांच में पूरे गैंग का खुलासा हुआ।
पुलिस की कार्रवाई
हरदोई पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए तीनों आरोपी महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इन महिलाओं के खिलाफ कई जिलों में पहले से ही धोखाधड़ी के मामले दर्ज हैं और गिरोह का नेटवर्क अन्य राज्यों तक फैला हो सकता है।