आंध्र प्रदेश: पटाखा फैक्टरी में भीषण आग, दो महिलाओं समेत 8 की मौत, 7 घायल

दि राइजिंग न्यूज। विशाखापत्तनम (आंध्र प्रदेश): अनकापल्ली जिले में रविवार को एक पटाखा फैक्टरी में भीषण आग लगने से दो महिलाओं सहित आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि सात अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा दोपहर करीब 12:45 बजे हुआ, जब फैक्टरी में कामकाज चल रहा था।

मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने इस दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए जांच के आदेश दिए हैं और अधिकारियों को जल्द से जल्द रिपोर्ट सौंपने को कहा है। उन्होंने निर्देश दिए हैं कि घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए।

राज्य की गृह मंत्री वी. अनिता ने जानकारी दी कि घायलों को पास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है और राहत कार्य तेजी से जारी है। उन्होंने बताया कि “फिलहाल राहत दल शवों को बाहर निकालने और घायलों को अस्पताल पहुंचाने का प्रयास कर रहे हैं।”

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी हादसे पर दुख प्रकट किया है और पीएम राहत कोष से मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये, तथा घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की है।

घटनास्थल पर पुलिस, दमकल विभाग और स्थानीय लोग मिलकर राहत एवं बचाव कार्य में जुटे हैं। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

इस बीच, वाईएसआर कांग्रेस प्रमुख वाई एस जगनमोहन रेड्डी ने भी इस हादसे पर संवेदना जताई है। उन्होंने सरकार से पीड़ितों को हर संभव सहायता प्रदान करने की अपील की है और अपनी पार्टी के नेताओं को भी मौके पर जाकर मदद करने के निर्देश दिए हैं।