आदित्य के ऑलराउंड खेल से इलाहाबाद पश्चिम सेमीफाइनल में:नीलम करवरिया कप में उत्तरी ने कोरांव को हराया, दर्ज की पहली जीत

Oct 14, 2026 - 19:12
0
आदित्य के ऑलराउंड खेल से इलाहाबाद पश्चिम सेमीफाइनल में:नीलम करवरिया कप में उत्तरी ने कोरांव को हराया, दर्ज की पहली जीत
नीलम करवरिया कप क्रिकेट प्रतियोगिता के दूसरे संस्करण में बुधवार को इलाहाबाद पश्चिम ने इलाहाबाद दक्षिण को आठ विकेट से हराकर सेमीफाइनल में जगह बना ली। वहीं, दूसरे मुकाबले में इलाहाबाद उत्तरी ने आखिरी गेंद तक चले रोमांचक मुकाबले में कोरांव विधानसभा को एक रन से शिकस्त देकर प्रतियोगिता में पहली जीत दर्ज की। इलाहाबाद पश्चिम की जीत में आदित्य राज तिवारी और सागर शर्मा ने अहम भूमिका निभाई, जबकि इलाहाबाद उत्तरी की जीत के नायक राहुल राज पाल रहे। केपी कॉलेज मैदान पर खेले गए पहले मुकाबले में टॉस हारकर बल्लेबाजी करने उतरी इलाहाबाद दक्षिण की टीम 20 ओवर में 111 रन ही बना सकी। निशांत कुशवाहा ने 41, जबकि अक्षत पाण्डेय और अमर काला ने 16-16 रन बनाए। गेंदबाजी में देव प्रकाश शुक्ला, आदित्य राज तिवारी और आतिफ साजिद ने दो-दो विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी इलाहाबाद पश्चिम की टीम ने सागर शर्मा के नाबाद 59 और आदित्य राज तिवारी के 44 रनों की बदौलत 16.1 ओवर में दो विकेट खोकर 112 रन बना लिए। सागर ने 49 गेंदों पर नौ चौके और एक छक्का लगाया, जबकि आदित्य ने 38 गेंदों पर पांच चौके और तीन छक्के जड़े। बहुमुखी प्रदर्शन के लिए आदित्य को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। दूसरे मुकाबले में इलाहाबाद उत्तरी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 139 रन बनाए। राहुल राज पाल ने 68 गेंदों पर 14 चौकों और एक छक्के की मदद से 91 रन की शानदार पारी खेली। अंशुमान पाण्डेय ने 17 रन बनाए। कोरांव की ओर से अनंत कुमार गुप्ता और श्याम सुंदर ने दो-दो विकेट लिए। 140 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए कोरांव की टीम 20 ओवर में 138 रन ही बना सकी। शाश्वत प्रताप ने 52, अनुराग यादव ने 34 और सचिन ओझा ने 23 रन बनाए, लेकिन टीम जीत से एक रन दूर रह गई। सुव्रत प्रसाद तिवारी ने दो विकेट लिए। राहुल राज पाल को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। प्रतियोगिता के दौरान टैगोर पब्लिक स्कूल के बच्चों ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User