भाजपा की ब्रज क्षेत्र मीडिया टीम में पहुंचे डॉ. निशित:एएमयू की छात्र राजनीति से सक्रिय हुए युवा नेता को बनाया गया सह संयोजक, साथियों ने किया स्वागत
अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय की छात्र राजनीति से निकले युवा नेता डॉ. निशित शर्मा को भारतीय जनता पार्टी के ब्रज क्षेत्र मीडिया टीम में सह संयोजक नियुक्त किया गया है। शनिवार देर शाम नियुक्ति की जानकारी सामने आने के बाद उनके समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई। भाजपा नेताओं और साथियों ने उन्हें बधाई दी।
डॉ. निशित का राजनीतिक सफर एएमयू से शुरू हुआ। विश्वविद्यालय में पढ़ाई के दौरान उन्होंने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से जुड़कर एएमयू में संगठन का दायित्व संभाला। इसके बाद वे भाजपा के युवा संगठन में सक्रिय हुए और वर्ष 2017-18 में भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिला संयोजक की जिम्मेदारी निभाई।
इसके बाद पार्टी संगठन में उन्हें 2019 से 2021 तक भाजपा जिला मीडिया प्रभारी एवं प्रवक्ता की जिम्मेदारी मिली। मीडिया और संगठन के स्तर पर सक्रिय भूमिका के बाद उन्हें राष्ट्रीय अल्पसंख्यक शिक्षा निगरानी समिति में प्रतिनिधि सदस्य के तौर पर भी जिम्मेदारी मिली।
कन्नौज में भी निभाई संगठनात्मक जिम्मेदारी डॉ. निशित वर्ष 2020 में कन्नौज जिले के प्रवासी के तौर पर स्नातक विधान परिषद चुनाव में पार्टी के लिए काम कर चुके हैं। इसके अलावा वे लगातार संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय रहे हैं।
एएमयू की छात्र राजनीति से निकलने के बाद उन्होंने विश्वविद्यालय में वामपंथी राजनीति के विरोध से जुड़े छात्र आंदोलनों में भी सक्रिय भूमिका निभाई। बाद में भाजपा और युवा मोर्चा में अलग-अलग जिम्मेदारियां संभालते हुए उन्होंने संगठन में अपनी सक्रियता जारी रखी।
पार्टी के स्थानीय नेताओं के मुताबिक, डॉ. निशित पिछले कुछ समय से संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी के लिए सक्रिय थे। उनकी नियुक्ति ऐसे समय हुई है, जब भाजपा ब्रज क्षेत्र में मीडिया और संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर अपनी टीम को मजबूत कर रही है।
कोल सीट से भी दावेदारी की चर्चा
डॉ. निशित की कोल विधानसभा सीट से दावेदारी को लेकर भी लंबे समय से राजनीतिक हलकों में चर्चा रही है। वे युवाओं के बीच लगातार सक्रिय रहे हैं और पार्टी के कार्यक्रमों में भागीदारी करते रहे हैं। हालांकि, मौजूदा नियुक्ति संगठन के मीडिया विभाग से जुड़ी है।
नियुक्ति के बाद भाजपा जिला उपाध्यक्ष गौरव शर्मा, लवली चौहान, राजू पंडित समेत पार्टी कार्यकर्ताओं और उनके समर्थकों ने डॉ. निशित को बधाई दी। खुद निशित ने भी पार्टी का आभार जताया है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)