आगरा के सदर क्षेत्र में गांव जैसी कच्ची सड़कें:परेशान लाेगों ने पार्षद का घर घेरा, पार्षदपति बोले नहीं आया पैसा
आगरा के सदर थाना क्षेत्र की मीरा विहार कॉलोनी में खराब सड़कों से परेशान लोगों का सब्र बुधवार को टूट गया। शहर में गांव जैसी कच्ची और जर्जर सड़कों से नाराज स्थानीय लोग क्षेत्रीय पार्षद फूल प्यारी के घर पहुंच गए और घेराव किया। लोगों का आरोप है कि कॉलोनी की कई सड़कें बदहाल हैं। इन पर गड्ढे और उबड़-खाबड़ रास्ते होने के कारण सैकड़ों लोगों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई बार शिकायत करने के बावजूद सड़कों की मरम्मत नहीं कराई गई। वहीं, पार्षद पति ने लोगों से कहा कि जिस सड़क के निर्माण की मांग की जा रही है, उसके लिए अभी पैसा नहीं आया है। स्थानीय निवासी शैलेश ने बताया कि कॉलोनी की सड़कों की हालत इतनी खराब है कि लोगों का निकलना मुश्किल हो गया है। शहर की कॉलोनी में भी गांव जैसी कच्ची सड़कों से होकर लोगों को गुजरना पड़ रहा है। सड़क पर गड्ढों और ऊबड़-खाबड़ रास्तों के कारण आए दिन हादसों का खतरा बना रहता है। बच्चे और राहगीर सड़क पर गिरकर घायल हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि बीते दिन भी एक बच्चा सड़क पर गिरकर घायल हो गया था। उसके पैर में फ्रैक्चर होने के बाद प्लास्टर कराना पड़ा। कई बार शिकायत, फिर भी नहीं बनी सड़क शैलेश के मुताबिक, स्थानीय लोग कई बार क्षेत्रीय पार्षद फूल प्यारी से सड़क ठीक कराने की मांग कर चुके हैं, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ। सड़क की बदहाली से परेशान लोगों ने बुधवार को पार्षद के घर पहुंचकर अपनी नाराजगी जताई। लोगों का कहना है कि खराब सड़कों के कारण बच्चों, बुजुर्गों और राहगीरों को सबसे ज्यादा परेशानी होती है। गड्ढों के चलते दोपहिया वाहन चालकों के गिरने और चोटिल होने का खतरा भी बना रहता है। पार्षद पति बोले- सड़क निर्माण के लिए अभी पैसा नहीं आया घेराव के दौरान पार्षद पति ने स्थानीय लोगों से कहा, "जिस सड़क की आप बात कर रहे हैं, उसका अभी पैसा नहीं आया है।" स्थानीय लोगों के मुताबिक, बजट नहीं मिलने के कारण सड़क का निर्माण नहीं हो सका है। हालांकि, लोगों का कहना है कि शहर की कॉलोनी में गांव जैसी कच्ची सड़कों के कारण उन्हें रोजाना परेशानी झेलनी पड़ रही है। उन्होंने मांग की कि सड़क निर्माण की प्रक्रिया जल्द पूरी कराई जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके। स्थानीय निवासियों ने मीरा विहार कॉलोनी की खराब सड़कों की मरम्मत जल्द कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि वे कई बार शिकायत कर चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं मिला है। अब उन्हें सड़क निर्माण का काम शुरू होने का इंतजार है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)