आगरा में 3 दिन हाईवे पर वाहनों की नो एंट्री:जनकपुरी महोत्सव के चलते रूट में बदलाव, देखकर ही सड़क पर निकलें
गरा के भावना एस्टेट में 7 से 9 अक्टूबर तक जनकपुरी महोत्सव होगा। आयोजन को देखते हुए यातायात पुलिस ने डायवर्जन प्लान जारी किया है। तीनों दिन दोपहर 3 बजे से रात 1 बजे तक नेशनल हाईवे-19 पर मध्यम और भारी वाहनों की एंट्री बंद रहेगी। रैपुरा जाट दक्षिणी बाईपास, मथुरा सीमा से कुबेरपुर कट तक ट्रक और दूसरे बड़े वाहनों को हाईवे पर नहीं जाने दिया जाएगा। इन वाहनों को यमुना एक्सप्रेसवे, इनर रिंग रोड, जयपुर-ग्वालियर मार्ग, रोहता और पथौली नहर की ओर डायवर्ट किया जाएगा। हाईवे पर भारी वाहनों की आवाजाही बंद होने से छोटे वाहनों का दबाव सिकंदरा-बोदला, गुरुद्वारा गुरु का ताल-हलवाई की बगीची और आवास विकास कॉलोनी की ओर बढ़ सकता है। पुलिस ने लोगों से वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करने और निर्धारित पार्किंग में ही वाहन खड़े करने की अपील की है। 5 गेट से एंट्री, 5 जगह पार्किंग जनकपुरी महोत्सव में आने वालों के लिए पांच प्रवेश गेट बनाए गए हैं। केके नगर कट, पुरुषोत्तम खंडेलवाल कट, भावना एस्टेट कट, बुलेट अड्डा कट और गुरुद्वारा गुरु का ताल गेट से प्रवेश मिलेगा। जनक महल के पीछे वीआईपी और वीवीआईपी पार्किंग होगी। बाईंपुर, केके नगर और विनायक नगर की ओर से आने वाले लोगों के लिए नवीन जैन और कमल चौधरी के प्लॉट में पार्किंग की व्यवस्था की गई है। सिकंदरा की ओर से आने वाले लोग देव कॉलेज के सामने तीन खाली प्लॉट, होली पब्लिक स्कूल और गणपति किंग काउंटी के बगल वाले प्लॉट में वाहन पार्क कर सकेंगे। एमजी रोड-2 पर भी बढ़ेगा दबाव पुलिस के मुताबिक सुभाष पार्क से मारुति एस्टेट का रास्ता एमजी रोड-2 में आता है। इस मार्ग पर आम दिनों में भी जाम की स्थिति रहती है। जनकपुरी महोत्सव के दौरान सवारी वाहनों की संख्या बढ़ने से यहां यातायात का दबाव और बढ़ सकता है। पुलिस ने लोगों से जाम से बचने के लिए वैकल्पिक मार्ग अपनाने की अपील की है। साथ ही आयोजन स्थल के आसपास वाहन सड़क पर खड़े न करने और निर्धारित पार्किंग का इस्तेमाल करने को कहा है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)