आगरा में आंबेडकर यूनिवर्सिटी के छात्रों का हंगामा:रिजल्ट में गड़बड़ी का आरोप, गेट पर चिपकाए ‘परीक्षा नियंत्रक लापता’ के पोस्टर

Oct 14, 2026 - 14:18
0
आगरा में आंबेडकर यूनिवर्सिटी के छात्रों का हंगामा:रिजल्ट में गड़बड़ी का आरोप, गेट पर चिपकाए ‘परीक्षा नियंत्रक लापता’ के पोस्टर
आगरा के डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय में बुधवार को बीए और बीए-एलएलबी के छात्रों ने परीक्षा नियंत्रक कार्यालय पर प्रदर्शन किया। अधिकारी के मौजूद नहीं होने पर छात्र धरने पर बैठ गए और नारेबाजी करने लगे। गुस्साए विद्यार्थियों ने कार्यालय के गेट पर ‘परीक्षा नियंत्रक लापता हैं’ लिखे पोस्टर भी चिपका दिए। छात्रों ने परीक्षा परिणामों में गड़बड़ी, नंबर कम होने, लंबित रिजल्ट और परीक्षा में शामिल होने के बावजूद अनुपस्थित दिखाने जैसी शिकायतें उठाईं। करीब दो घंटे चले प्रदर्शन के दौरान उन्होंने परिणामों में सुधार, बकाया रिजल्ट जारी करने और पुनः परीक्षा के नाम पर लिए गए शुल्क के मामले में कार्रवाई की मांग की। नंबर घटने से फेल होने का आरोप छात्र नेता अंकुश गौतम ने बताया कि हाल ही में बीए-एलएलबी का परिणाम जारी किया गया था। छात्रों का आरोप है कि पहले जारी रिजल्ट में कई विद्यार्थियों को प्रमोट दिखाया गया था, लेकिन दोबारा परिणाम आने पर 10 से 15 नंबर कम कर दिए गए। इससे कई विद्यार्थी फेल हो गए। बीए के नतीजों में भी इसी तरह की गड़बड़ियों की शिकायत की गई है। किसी सेमेस्टर का रिजल्ट अटका, किसी में गलतियां छात्रों ने बीए के अलग-अलग बैच के परिणामों को लेकर भी समस्याएं बताईं। बीए 2024 बैच: तृतीय सेमेस्टर का परिणाम अब तक जारी नहीं हुआ है, जबकि चतुर्थ सेमेस्टर का रिजल्ट घोषित कर दिया गया। विद्यार्थियों का दावा है कि चतुर्थ सेमेस्टर में परीक्षा देने के बावजूद कई छात्रों को अलग-अलग विषयों में अनुपस्थित दिखाया गया है। बीए 2025 बैच: प्रथम सेमेस्टर का परिणाम लंबित है, जबकि द्वितीय सेमेस्टर का नतीजा जारी हो चुका है। छात्रों ने इसमें गलत सीजीपीए और दूसरी त्रुटियां होने की शिकायत की। 1100 रुपए देने के बाद भी NQ सह-पाठ्यक्रम परीक्षा के परिणाम को लेकर भी विद्यार्थियों ने नाराजगी जताई। उनके मुताबिक, बीए 2024 बैच के कई छात्रों को पहले NQ (नॉट क्वालिफाइड) दिखाया गया था। दोबारा परीक्षा के लिए प्रति विद्यार्थी 1100 रुपए जमा कराए गए, लेकिन नए परिणाम में भी NQ ही दर्ज है। जांच और सुधार की मांग प्रदर्शनकारी छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन से सभी शिकायतों की जांच कराने, गलत परिणामों को ठीक करने और लंबित नतीजे जल्द घोषित करने की मांग की। उन्होंने पुनः परीक्षा के लिए जमा कराई गई फीस के मामले में भी उचित कार्रवाई की बात कही। छात्रों का आरोप है कि रिजल्ट संबंधी समस्याओं के कारण उनकी पढ़ाई और शैक्षणिक सत्र प्रभावित हो रहे हैं। उनका कहना था कि विश्वविद्यालय को जल्द समाधान निकालना चाहिए, ताकि विद्यार्थियों का साल खराब न हो।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User