आगरा में एक स्वर में गूंजा वंदे मातरम्:150 वर्ष पूरे होने पर 4500 लोगों ने एक साथ गाया वंदे मातरम्, 3200 विद्यार्थी रहे शामिल

Sep 25, 2026 - 14:48
0
आगरा में एक स्वर में गूंजा वंदे मातरम्:150 वर्ष पूरे होने पर 4500 लोगों ने एक साथ गाया वंदे मातरम्, 3200 विद्यार्थी रहे शामिल
वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूरे होने के अवसर पर शुक्रवार को आगरा में देशभक्ति का अनूठा माहौल देखने को मिला। विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान की ओर से जिले के विभिन्न विद्यालयों और सामाजिक संगठनों में सामूहिक वंदे मातरम् गायन कराया गया। आयोजकों के अनुसार, आगरा में करीब 1.50 लाख लोगों ने एक साथ वंदे मातरम् का गायन किया। शहर के कमला नगर स्थित सरस्वती विद्या मंदिर में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में 4500 लोगों, जिनमें करीब 3200 विद्यार्थी शामिल थे, ने एक स्वर में वंदे मातरम् गाया। कमला नगर में 4500 लोगों ने लिया हिस्सा सरस्वती विद्या मंदिर, कमला नगर में आयोजित कार्यक्रम में विद्यालय के विद्यार्थियों के साथ अन्य स्कूलों के छात्र, पूर्व छात्र, अभिभावक और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि भी शामिल हुए। सभी ने एक साथ वंदे मातरम् का गायन किया। कार्यक्रम के दौरान पूरा परिसर देशभक्ति के स्वर से गूंज उठा। कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत सामाजिक सद्भाव प्रमुख भवेन्द्र जी मुख्य वक्ता रहे। डॉ. रजत गोयल पर्यवेक्षक और विद्यालय के संरक्षक विजय गोयल मौजूद रहे। बोले- इतिहास और स्वतंत्रता आंदोलन को समझें विद्यार्थी मुख्य वक्ता भवेन्द्र जी ने कहा कि वंदे मातरम् भारत की राष्ट्रीय चेतना और स्वतंत्रता आंदोलन की भावनाओं से जुड़ा है। उन्होंने विद्यार्थियों से देश के इतिहास और स्वतंत्रता आंदोलन के मूल्यों को केवल किताबों तक सीमित न रखने और उन्हें अपने जीवन में अपनाने की बात कही। विद्यालय के प्रधानाचार्य अमित कुमार चतुर्वेदी ने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को देश के प्रति जिम्मेदारी, कर्तव्य और गौरव की भावना से जोड़ते हैं। उन्होंने कहा कि देशभक्ति केवल शब्दों में नहीं, बल्कि व्यवहार और समाज के प्रति जिम्मेदारी में भी दिखाई देनी चाहिए। देशभर में भी हुआ सामूहिक गायन वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूरे होने के अवसर पर विद्या भारती की ओर से देशभर में भी सामूहिक गायन का आयोजन किया गया। आयोजकों के अनुसार, इस अभियान में देशभर में करीब एक करोड़ लोगों की सहभागिता का लक्ष्य रखा गया। गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड के लिए होगी दावेदारी सरस्वती शिक्षा परिषद के उपाध्यक्ष अनंत विश्वेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि आयोजन में शामिल सभी स्थानों का जीपीएस के माध्यम से रिकॉर्ड तैयार किया जाएगा। इसी रिकॉर्ड के आधार पर कार्यक्रम के लिए गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में दावेदारी प्रस्तुत की जाएगी। कार्यक्रम में सरस्वती शिक्षा परिषद के मंत्री महेंद्र गर्ग, संतोष गुप्ता, राजीव नागरानी, वरुण कौशिक, एसके मिश्रा, अजय कुमार मित्तल सहित विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य, पूर्व छात्र, अभिभावक और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। कार्यक्रम की व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी भूपेंद्र सिंह राघव और संयोजक किशन सारस्वत ने संभाली।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User