आगरा में गोडसे तर्पण कार्यक्रम पर हिंदूवादिओं पर FIR:DM ऑफिस पर उतारे भगवा वस्त्र, बोले- कार्रवाई नहीं रुकी तो नहीं करेंगे हिंदुत्व का कार्य
आगरा में गांधी जयंती पर नाथूराम गोडसे का तर्पण और श्राद्ध करने जा रहे अखिल भारत हिंदू महासभा के पदाधिकारियों पर पुलिस ने 151 की कार्रवाई की। इससे नाराज हिंदूवादी नेताओं ने शुक्रवार को जिलाधिकारी कार्यालय पर प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने भगवा दुपट्टा उतारकर विरोध जताया और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। हिंदू महासभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अज्जू चौहान और जिलाध्यक्ष मीरा राठौर ने बताया कि उन्होंने 2 अक्टूबर को गोडसे का तर्पण करने का ऐलान किया था। संगठन के चार पदाधिकारी- मीरा राठौर, अज्जू चौहान, अवतार सिंह गिल और अमित कुलश्रेष्ठ श्राद्ध सामग्री लेकर यमुना किनारे आरती स्थल पर पहुंचे थे। आरोप है कि प्रशासन ने उनका सामान छीन लिया और थाना छत्ता ले जाकर 151 में चालान कर जिला मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया, जहां से सभी को जमानत मिल गई। नेताओं ने ज्ञापन में सवाल उठाया कि जब केवल चार लोग शांतिपूर्ण तरीके से पूर्वजों का श्राद्ध करने गए थे, तो उन पर 151 की धारा क्यों लगाई गई? क्या अब श्राद्ध के लिए भी अनुमति लेनी पड़ेगी? ज्ञापन में कहा गया कि आगरा में ऐसा कोई हिंदूवादी नेता नहीं है जिस पर कमिश्नरेट पुलिस ने मुकदमा न लगाया हो। हिंदुत्व की आवाज उठाने पर ही मुकदमे दर्ज कर दिए जाते हैं। नाराज कार्यकर्ताओं ने कहा कि अगर भाजपा सरकार में ही हिंदूवादी कार्यकर्ताओं पर फर्जी मुकदमे लगेंगे, तो सनातन का कार्य कौन करेगा? उन्होंने जिलाधिकारी से मांग की कि उनका भगवा दुपट्टा और ज्ञापन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तक पहुंचाया जाए। नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि कार्रवाई नहीं रुकी तो वे हिंदुत्व का कार्य करने में असमर्थ होंगे। प्रदर्शन में शंकर श्रीवास्तव, नितेश भारद्वाज, विपिन राठौर, कुलदीप, पप्पू भाई, विकास और नवदीप सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)