आगरा में हड़ताल पर 2000 NHM कर्मचारी:समान कार्य-समान वेतन और नियमितिकरण की है मांग, 12 को लखनऊ में करेंगे प्रर्दशन

Oct 08, 2026 - 18:30
0
आगरा में हड़ताल पर 2000 NHM कर्मचारी:समान कार्य-समान वेतन और नियमितिकरण की है मांग, 12 को लखनऊ में करेंगे प्रर्दशन
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर आज से हड़ताल पर चले गए हैं। आगरा जिले में संविदा और स्थायी मिलाकर करीब 2,000 एनएचएम कर्मचारी कार्यरत हैं। इनमें करीब 1,400 संविदा और 600 स्थायी कर्मचारी शामिल हैं। सभी कर्मचारियों के हड़ताल पर जाने से जिले की स्वास्थ्य सेवाओं पर असर पड़ने की स्थिति बन गई है। कर्मचारी सीएमओ कार्यालय पर धरना देकर अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। जिले के सीएचसी, पीएचसी, शहरी स्वास्थ्य केंद्रों, जिला अस्पताल और एसएन मेडिकल कॉलेज में तैनात एनएचएम कर्मचारी भी हड़ताल में शामिल हैं। इनमें स्टाफ नर्स, एएनएम, टीबी कर्मचारी समेत अन्य कर्मचारी शामिल हैं। कर्मचारियों ने काम बंद कर सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। समान कार्य-समान वेतन और नियमितीकरण की मांग राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन आगरा संगठन के जिला अध्यक्ष देवी कुशवाह ने बताया कि कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में समान कार्य के लिए समान वेतन नीति लागू करना और कर्मचारियों का नियमितीकरण शामिल है। उन्होंने कहा कि कर्मचारी लंबे समय से इन मांगों को लेकर सरकार के सामने अपनी बात रख रहे हैं, लेकिन अभी तक समाधान नहीं हुआ है। देवी कुशवाह ने कहा कि फिलहाल कर्मचारी सीएमओ कार्यालय पर धरना दे रहे हैं। यदि सरकार ने उनकी मांगों को नहीं माना तो आंदोलन को प्रदेश स्तर पर ले जाया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेशभर से हजारों एनएचएम कर्मचारी लखनऊ के ईको गार्डन में एकत्र होकर प्रदर्शन करेंगे। काम बंद होने से स्वास्थ्य सेवाओं पर असर एनएचएम कर्मचारियों के हड़ताल पर जाने से स्वास्थ्य केंद्रों पर मरीजों को मिलने वाली सेवाएं प्रभावित होने की आशंका है। कर्मचारियों का कहना है कि मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा। वहीं, कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि सरकार की ओर से जल्द कोई सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User