आगरा में खाद्य विभाग की कार्रवाई:कुट्टू का आटा और घी सहित 13 चीजों के लिए नमूने, 18,950 रुपए का सामान जब्त

Oct 09, 2026 - 19:24
0
आगरा में खाद्य विभाग की कार्रवाई:कुट्टू का आटा और घी सहित 13 चीजों के लिए नमूने, 18,950 रुपए का सामान जब्त
नवरात्रि और व्रत-त्योहारों के बीच खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांचने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने शुक्रवार को आगरा में विभिन्न प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई की। विभाग की टीम ने कुट्टू के आटे से लेकर घी, मूंगफली और सरसों के तेल तक के 13 नमूने लिए। इस दौरान दो मामलों में खाद्य पदार्थ जब्त किए गए। इनमें 7.6 किलो कुट्टू का आटा और 100 लीटर सरसों का तेल शामिल है। जब्त किए गए खाद्य पदार्थों की कुल अनुमानित कीमत 18,950 रुपए बताई गई है। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के अनुसार, यह अभियान मिलावट रोकने और लोगों को सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। संग्रहित नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा। रिपोर्ट के आधार पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी। दो प्रतिष्ठानों से सामान जब्त विभाग के मुताबिक, अछनेरा स्थित मैसर्स जिंदल ट्रेडर्स से कुट्टू के आटे का नमूना लिया गया। यहां 38 पैकेट में रखा 7.6 किलो कुट्टू का आटा भी जब्त किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 950 रुपए है। वहीं, लोहामंडी के बलदेव गंज स्थित मैसर्स गोपालदास ऑयल स्टोर से कृष्णा ब्रांड घी, माधव ब्रांड घी और सरसों के तेल के नमूने लिए गए। यहां 100 लीटर सरसों का तेल भी जब्त किया गया। इसकी अनुमानित कीमत 18 हजार रुपए बताई गई है। घी, कुट्टू और मूंगफली के नमूने लिए विभाग की टीम ने बुंदू कटरा स्थित प्रीत किराना स्टोर से मूंगफली दाना और जय शिव शंकर ट्रेडर्स से साबुत कुट्टू का नमूना लिया। नुनिहाई रोड स्थित द्वारिकाधीश फूड इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड से घी के तीन नमूने संग्रहित किए गए। इसके अलावा सिकंदरा के केके नगर स्थित जेप्टो लिमिटेड से आनंदा और मिल्कफूड ब्रांड के देसी घी के दो नमूने लिए गए। कृष्णा नगर स्थित बंसल गृह उद्योग से कुट्टू गिरी और सिंघाड़े के आटे के नमूने भी संग्रहित किए गए। जांच रिपोर्ट के बाद होगी कार्रवाई खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार, सभी नमूनों की प्रयोगशाला में जांच कराई जाएगी। जांच रिपोर्ट में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और मानकों के अनुपालन की स्थिति स्पष्ट होगी। इसके आधार पर संबंधित कारोबारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने खाद्य कारोबारियों से स्वच्छता, सुरक्षित भंडारण और खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने की अपील की है। साथ ही, व्रत के दौरान इस्तेमाल होने वाले खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने को कहा है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User