आगरा में खेरिया आरओबी बंद होने से शाहगंज बाजार जाम:व्यापारी और ग्राहक परेशान, यातायात और रेलवे पुलिस तैनात
आगरा ईदगाह-खेरिया रेलवे ओवरब्रिज मरम्मत के लिए बंद होने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अर्जुन नगर से नामनेर और कलेक्ट्रेट की तरफ जाने के लिए लोगों को करीब 4 किलोमीटर अतिरिक्त चक्कर लगाना पड़ रहा है। इससे शाहगंज बाजार में दिनभर जाम की स्थिति बनी रही। रुई की मंडी-शाहगंज रेलवे पुल को शनिवार को बंद किया गया था। यहां 90 दिन तक मरम्मत कार्य चलेगा। खेरिया की तरफ से ईदगाह, नामनेर और एमजी रोड की तरफ जाने के लिए अब रुई की मंडी फाटक और छउआ का नगला होकर जाना पड़ रहा है। कलेक्ट्रेट जाने वालों को शाहगंज बाजार से होकर निकलना पड़ रहा है। इन मार्गों पर पहले से ही जाम की समस्या रहती है। रविवार को भी वाहनों की लंबी लाइनें लगी रहीं। रुई की मंडी फाटक बंद होने पर वाहन फंस गए। जाम से निपटने के लिए यातायात पुलिस ने 12 टीएसआई और 40 सिपाही तैनात किए हैं। थाना पुलिस के 30 कर्मचारी भी ड्यूटी पर लगे हैं। यातायात पुलिस की दो शिफ्ट में ड्यूटी लगाई गई है। सड़क पर दोनों तरफ के वाहनों को निकालने के लिए बीच में अस्थायी डिवाइडर और बैरिकेडिंग लगाई गई है। बारहखंभा मार्ग पर बैरिकेडिंग से वाहन अपनी लेन में चलते रहे और आमने-सामने नहीं फंसे। शाहगंज के व्यापारियों को सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है। खेरिया से आने वाला ट्रैफिक बाजार से निकल रहा है। पुलिस तहसील तिराहे और सीओडी की तरफ से ऑटो और ई-रिक्शा को बाजार में नहीं आने दे रही है, फिर भी चार पहिया वाहनों के कारण जाम लग रहा है। व्यापारी और ग्राहक दोनों परेशान हैं। जान जोखिम में डालकर ट्रैक पार कर रहे लोग
आरओबी पर बैरिकेडिंग कर आरपीएफ के जवान तैनात किए गए हैं, इसलिए पैदल यात्री पुल पर नहीं जा रहे। लेकिन बड़ी संख्या में लोग खेरिया से ईदगाह जाने के लिए बैरिकेडिंग के बीच से निकलकर रेलवे ट्रैक पार कर रहे हैं। इससे ट्रेन आने पर हादसे का खतरा बना हुआ है। एडीसीपी ट्रैफिक अलका सिंह ने बताया कि संकरे रास्तों पर बैरिकेडिंग लगाकर व्यवस्था संभाली जा रही है। रेलवे से 40 अतिरिक्त मार्शल तैनात करने के लिए कहा गया है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)