आगरा में MLC चुनाव के 7 प्रत्याशियों के नामांकन खारिज:जांच में मिली कमियां, 28 प्रत्याशियों के नामांकन सही मिले, कल नाम वापसी

Oct 08, 2026 - 09:07
0
आगरा में MLC चुनाव के 7 प्रत्याशियों के नामांकन खारिज:जांच में मिली कमियां, 28 प्रत्याशियों के नामांकन सही मिले, कल नाम वापसी
MLC चुनाव में खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से 7 प्रत्याशियों के नामांकन पत्र रद हो गए। वहीं खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में नामांकन करने वाले सभी प्रत्याशियों के पर्चे सही पाए गए। इन दोनों सीटों पर कुल 28 पर्चे सही पाए गए। अब 9 अक्तूबर को नाम वापसी के बाद स्थिति साफ हो जाएगी कि दोनों सीटों पर कितने प्रत्याशी चुनाव मैदान में ताल ठोंकेंगे। अब विस्तार से पढ़िये... यूपी विधान परिषद के आगरा खंड शिक्षक और स्नातक निर्वाचन के लिए नामांकन की प्रक्रिया खत्म हो चुकी है। 8 दिन तक चली इस प्रक्रिया में आगरा खंड के दोनों चुनाव के लिए 35 नामांकन फॉर्म जमा हुए थे। इसमें स्नातक सीट के लिए 20 और शिक्षक सीट के लिए 15 नामांकन किए गए थे। मंडलायुक्त कार्यालय में 6 अक्टूबर तक यह प्रक्रिया चली। सबसे अधिक नामांकन 5 अक्टूबर को हुए। इस दौरान सपा के दोनों प्रत्याशियों सहित 22 नामांकन हुए थे। इससे पहले भाजपा के स्नातक और शिक्षक प्रत्याशियों ने 3 अक्टूबर को अपना पर्चा जमा किया था। इस तरह से भाजपा, सपा और आजाद समाज पार्टी के प्रत्याशियों के साथ ही 26 निर्दलीय प्रत्याशियों ने नामांकन किया है। बुधवार को नामांकन पत्रों की जांच की गई। नामांकन पत्रों में ये मिली कमियां बुधवार को कमिश्नरी में नामांकन पत्रों की संवीक्षा के लिए सभी प्रत्याशियों को बुलाया गया था। नामांकन पत्रों की जांच के दौरान किसी प्रत्याशी के नामांकन पत्र में हस्ताक्षर के स्थान पर पूरा नाम लिखा हुआ मिला तो किसी का शपथ पत्र नहीं लगा था। नामांकन पत्रों का सघन परीक्षण करने के बाद आगरा खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से नामांकन करने वाले 20 प्रत्याशियों में से 7 प्रत्याशियों के पर्चे रद कर दिए गए। नामांकन पत्रों की जांच मंडलायुक्त/रिटर्निंग ऑफिसर नगेन्द्र प्रताप, जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी मनीष बंसल, चुनाव आयोग के नामित आब्जर्वर अभिषेक प्रकाश, अपर आयुक्त राजेश कुमार, एसीएम रजत वर्मा, एसीएम विनोद चौधरी की मौजूदगी में की गई। इनके नामांकन में मिली गड़बड़ी स्नातक सीट के लिए हुए 20 नामांकनों में से 7 में कमियां मिलीं, जिसके चलते इन्हें रद कर दिया गया। इनमें बहुजन क्रांति दल के आनंद कुमार और निर्दलीय प्रत्याशियों में अंबेडकरी हसनूराम, भूपेंद्र सिंह, मानवेंद्र सिंह चौहान, राम किशन द्विवेदी, रनवीर सिंह, धर्मपाल सिंह शामिल हैं। शिक्षक सीट के किसी प्रत्याशी के नमांकन पत्र में गड़बड़ी नहीं मिली। 23 अक्टूबर को होगा चुनाव दोनों सीट के लिए 23 अक्टूबर को चुनाव होगा। इसके लिए प्रशासनिक तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी मनीष बंसल ने बताया, निष्पक्ष रूप से चुनाव कराने के लिए 11 जोनल मजिस्ट्रेट और 3 आरक्षित जोनल मजिस्ट्रेट, 27 सेक्टर मजिस्ट्रेट और 10 आरक्षित सेक्टर मजिस्ट्रेट को नामित किया गया है। सभी जोनल मजिस्ट्रेट एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट का यह दायित्व होगा की वह मतदान पार्टियों को पॉलिंग पार्टी प्रस्थान स्थल से मतदेय स्थल पर सुरिक्षत पहुंचाएंगे। मतदान पार्टियों के मतदेय स्थल पर पहुंचने की सूचना तथा आयोग द्वारा मांगी जाने वाली अन्य सूचनाय निर्वाचन कन्ट्रोल रूम/जिला निर्वाचन कार्यालय को ससमय उपलब्ध कराएंगे। डीएम ने बताया कि मतदान अवधि में समस्त जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट आवंटित मतदान केन्द्र पर उपस्थित रहकर समय से मतदान शुरू कराएंगे। मतदान के बाद मतदान पार्टियों को स्ट्रांग रूम पर वापस लाएंगे। जिला निर्वाचन अधिकारी ने आदर्श आचार संहिता का अनुपालन कराये जाने के लिए राजनैतिक दलों , उम्मीदवारों द्वारा की जाने वाली बैठकों, कार्यक्रमों की वीडियोग्राफी की जाएगी। दो प्रेक्षक नियुक्त किए गए आगरा खंड स्नातक एवं शिक्षक चुनाव के लिए भारत निर्वाचन आयोग ने दोनों सीटों के लिए अलग-अलग प्रेक्षक नियुक्त किए हैं। स्नातक सीट के लिए IAS हीरालाल एवं शिक्षक सीट के लिए IAS अभिषेक प्रकाश को प्रेक्षक के रूप में नामित किया गया है। उप जिला निर्वाचन अधिकारी/अपर जिलाधिकारी (नगर) यमुनाधर चौहान ने बताया, प्रेक्षक अभिषेक प्रकाश मंगलवार को यहां पहुंच गए। उन्होंने बताया कि प्रेक्षक का प्रवास स्थल सर्किट हाउस कक्ष संख्या-4 निर्धारित किया गया है। निर्वाचन से संबंधित किसी भी प्रकार की शिकायत अथवा सुझाव के लिए जनसामान्य प्रेक्षक से मोबाइल नंबर 9286549524 अथवा दूरभाष नंबर 0562-2991067 पर संपर्क कर सकते हैं। निर्वाचन का कार्यक्रम 7 अक्तूबर: नामांकन पत्रों की संवीक्षा 9 अक्टूबर: नाम वापसी 23 अक्टूबर: मतदान 27 अक्टूबर: मतगणना ये भी जानिये… आगरा खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए 27 मतदान केन्द्र आगरा खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए 46 मतदान केन्द्र स्नातक MLC के लिए इनके नामांकन सही मिले शिक्षक MLC के लिए इनके नामांकन सही मिले

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User