आगरा में पुलिस अफसर बनकर 71.29 लाख ठगे:बाप-बेटे ने उधार के 15 लाख लौटाने से बचने के लिए रची साजिश, 14.71 लाख बरामद
आगरा में उधार लिए 15 लाख रुपये लौटाने से बचने के लिए पिता-पुत्र पर कारोबारी से ठगी करने का आरोप है। आरोप है कि बेटे ने खुद को पुलिस अधिकारी बताकर परचून कारोबारी से 71.29 लाख रुपये ऐंठ लिए। बाह पुलिस ने आरोपी अनंत उर्फ रिशू बरुआ को गिरफ्तार कर उसके बैग से 14.71 लाख रुपये बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक, आरोपी का पिता और एक अन्य साथी अभी फरार हैं। मामला बाह के गली गोपालजी मोहल्ले का है। सेवानिवृत्त लिपिक और परचून कारोबारी उमाशंकर गुप्ता ने सराय मोहल्ला निवासी रमेश बरुआ को 15 लाख रुपये उधार दिए थे। रकम वापस मांगने पर रमेश ने अपने बेटे अनंत के साथ मिलकर कथित तौर पर ठगी की साजिश रची। ऐसे रचा ठगी का जाल
कारोबारी के मुताबिक, रुपये मांगने पर अनंत ने पहले उन्हें धमकी दी। इसके बाद 14 सितंबर को फोन कर कहा कि वह पैसे लौटाने आ रहा था, लेकिन पुलिस ने उसे पकड़ लिया है। कुछ देर बाद एसआई के लोगो वाली व्हाट्सएप कॉल आई। आरोपी ने पुलिस कार्रवाई का डर दिखाकर कारोबारी से 1.08 लाख रुपये ले लिए। इसके बाद अलग-अलग पुलिस अधिकारियों के नाम पर रकम वसूली गई। 15 सितंबर को 20 हजार, 16 सितंबर को 50 हजार और 19 सितंबर को इंस्पेक्टर के नाम पर 1.50 लाख रुपये लिए गए। 20 सितंबर को एसीपी का डर दिखाकर 1.80 लाख रुपये लिए गए। 27 सितंबर को कमिश्नर के नाम पर 7.50 लाख और 28 सितंबर को 7.20 लाख रुपये वसूले गए। इसके बाद डीआईजी तक मामला पहुंचने का डर दिखाकर 1 अक्टूबर को 12.35 लाख, 3 अक्टूबर को 12 लाख और 6 अक्टूबर को 19 लाख रुपये लिए गए। 20 लाख रुपये और मांगने पर खुला मामला
आरोप है कि 13 अक्टूबर को अनंत ने कारोबारी से 20 लाख रुपये और मांगे। इस पर कारोबारी के छोटे बेटे अमन को शक हुआ। उसने परिवार को जानकारी दी, जिसके बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ। विरोध करने पर आरोपी ने जान से मारने की धमकी भी दी। बैग में मिले 14.71 लाख रुपये
एसीपी बाह जितेंद्र कुमार के मुताबिक, सोमवार को बाह-बटेश्वर मार्ग पर कुतझरा के पास अनंत बरुआ को गिरफ्तार किया गया। उसके बैग से 14.71 लाख रुपये बरामद हुए। पुलिस के अनुसार, वह रकम ठिकाने लगाने के लिए साथी का इंतजार कर रहा था। पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल किया। आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है। उसके पिता रमेश बरुआ और साथी की तलाश की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)