आगरा में सीएम ग्रिड योजना बनी आफत,प्रशासन बेखबर:खुदी सड़कों पर गड्ढे और कीचड़ से लोग परेशान, दिल्ली गेट और मारुति एस्टेट रोड पर जाम

Oct 16, 2026 - 13:59
0
आगरा में सीएम ग्रिड योजना बनी आफत,प्रशासन बेखबर:खुदी सड़कों पर गड्ढे और कीचड़ से लोग परेशान, दिल्ली गेट और मारुति एस्टेट रोड पर जाम
आगरा शहर में सीएम ग्रिड योजना का काम लोगों के लिए मुसीबत बन गया है। जगह-जगह सड़कों को खोद कर मिट्टी को वहीं छोड़ दिया गया है। इससे सड़कों पर बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं। हल्की बारिश के बाद ही ये सड़कें फिसलन भरी हो जाती हैं और गड्ढों में पानी भर जाता है। खुदाई से सड़क पर फैली मिट्टी और कीचड़ के बीच से लोगों को मजबूरन निकलना पड़ रहा है, जिससे सड़क पर जाम और हादसे हो रहे हैं सबसे बुरा हाल दिल्ली गेट रोड का है। यहां पिछले दो महीने से पाइपलाइन बिछाने का काम चल रहा है, जो अब तक पूरा नहीं हुआ है। इसी रोड पर शहर के सबसे ज्यादा अस्पताल और मेडिकल स्टोर हैं। सड़क खुदी होने से मरीजों, एंबुलेंस और तीमारदारों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। मरीजों को अस्पताल तक पहुंचने में घंटों लग रहे हैं। शहर में हुई हालिया बारिश के बाद हालात और बद से बदतर हो गए हैं। कोठी मीना बाजार से मारुति एस्टेट रोड पर भी यही स्थिति है। यहां भी खुदाई के बाद मिट्टी को सड़क पर ही छोड़ दिया गया है। सफाई न होने से पूरी सड़क पर कीचड़ फैल गई है। लोगों का पैदल निकलना भी मुश्किल हो गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश में घरों के बाहर कीचड़ जमा हो जाता है और बारिश न होने पर धूल उड़ कर घरों में घुस रही है। लोगों का आरोप है कि ठेकेदार द्वारा खुलेआम नियमों को नजरअंदाज किया जा रहा है। काम के दौरान न तो बैरिकेडिंग लगाई जा रही है और न ही सुरक्षा के इंतजाम किए जा रहे हैं। इसी लापरवाही के कारण आए दिन लोग हादसों का शिकार हो रहे हैं। दोपहिया वाहन चालक गड्ढों में गिर कर घायल हो रहे हैं। स्थानीय निवासियों ने कई बार शिकायत की, लेकिन जिला प्रशासन इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है। लोगों ने मांग की है कि सीएम ग्रिड का काम जल्द पूरा कर सड़कों की मरम्मत कराई जाए और ठेकेदार की मनमानी पर रोक लगाई जाए।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User