आगरा नगर निगम बारिश को लेकर अलर्ट:जलभराव वाले इलाकों में पंप तैयार, तुरंत निकाला जाएगा पानी; नगर आयुक्त ने किया निरीक्षण
आगरा में बारिश की संभावना और मौसम विभाग की ओर से प्रदेश में जारी अलर्ट को देखते हुए नगर निगम अलर्ट मोड में है। जलभराव की आशंका वाले क्षेत्रों में तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। शनिवार को नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने अधिकारियों के साथ विभिन्न जगहों पर जलनिकासी के लिए लगाए गए पंपों का निरीक्षण किया और जरूरत पड़ने पर तत्काल संचालन के निर्देश दिए।
सबसे पहले नगर आयुक्त ने शमसाबाद रोड स्थित डबल पेट्रोल पंप पर पहुंचकर जलनिकासी व्यवस्था का जायजा लिया। यहां लगाए गए पंप की स्थिति, पानी निकासी की क्षमता और जरूरत के समय उसके संचालन की तैयारियों को देखा गया। इसके बाद वार्ड संख्या 23 में मारुति सिटी के पास लगाए गए पंप का भी निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने संबंधित कर्मचारियों को पंपों को चालू हालत में रखने और बारिश के दौरान जलभराव होने पर तत्काल पानी निकालने के निर्देश दिए।
नगर आयुक्त ने संवेदनशील क्षेत्रों में जलनिकासी की व्यवस्था को लेकर स्थानीय कर्मचारियों से जानकारी ली। उन्हें निर्देश दिए गए कि बारिश की स्थिति में किसी भी स्थान पर पानी अधिक समय तक जमा न रहे और आवश्यकता पड़ने पर पंपों का तत्काल इस्तेमाल किया जाए।
नगर आयुक्त ने हाथीघाट का भी निरीक्षण किया। गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन के बाद घाट पर की गई व्यवस्थाओं, साफ-सफाई और पानी निकासी की स्थिति को देखा। घाट क्षेत्र में विसर्जन के बाद शेष सामग्री और गंदगी को हटाने तथा परिसर को व्यवस्थित रखने पर जोर दिया गया। नगर आयुक्त ने संबंधित क्षेत्रीय अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया है कि मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखी जाए और बारिश होने की स्थिति में जलभराव वाले स्थानों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)