आगरा RTO कार्यालय के पास चला नगर निगम का बुलडोजर:दुकानदारों ने विरोध का प्रयास किया, टास्क फोर्स से नोकझोंक

Oct 08, 2026 - 17:58
0
आगरा RTO कार्यालय के पास चला नगर निगम का बुलडोजर:दुकानदारों ने विरोध का प्रयास किया, टास्क फोर्स से नोकझोंक
RTO प्रशासन की ओर से की गई अतिक्रमण की शिकायत के बाद नगर निगम टास्कफोर्स ने गुरुवार को आरटीओ कार्यालय के आसपास अभियान चलाकर फुटपाथ पर किए गए अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई की। टीम ने दुकानों के आगे फुटपाथ पर लगाए गए टिन शेड और किए गए अवैध निर्माण को ध्वस्त करा दिया। कार्रवाई शुरू होते ही दुकानदारों में खलबली मच गई। टीम ने दुकानों के बाहर फुटपाथ और सार्वजनिक स्थान पर रखी कुर्सी, मेज और बेंच को भी जब्त कर लिया। कार्रवाई से नाराज़ दुकानदारों की नगर निगम टास्कफोर्स से नोंक-झोंक भी हुई। दुकानदारों को दी चेतावनी नगर निगम की टास्कफोर्स ने अभियान के दौरान दुकानदारों को चेतावनी दी कि फुटपाथ और सड़क पर किसी भी तरह का अतिक्रमण कर आवागमन बाधित न किया जाए। टीम ने मौके पर मिले अस्थायी निर्माण और अन्य अवरोधों को हटवाते हुए सार्वजनिक स्थान को खाली कराया। नगर निगम की कार्रवाई के चलते आसपास के दुकानदारों में काफी देर तक अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही। लोहामंडी बाजार में भी चला अभियान आरटीओ कार्यालय के आसपास कार्रवाई के बाद नगर निगम टास्कफोर्स ने लोहामंडी बाजार में भी अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। यहां दुकानों के बाहर सड़क और फुटपाथ पर सामान रखकर किए गए अतिक्रमण को हटवाया गया। दुकानदारों को दोबारा सार्वजनिक स्थान पर कब्जा नहीं करने की हिदायत दी गई। टीम ने स्पष्ट किया कि अतिक्रमण मिलने पर सामान जब्त करने के साथ अन्य कार्रवाई भी की जाएगी। प्लास्टिक के गिलास जब्त टास्कफोर्स ने नेहरू रोड पर भी कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित पॉलीथिन और प्लास्टिक के गिलास के खिलाफ अभियान चलाया। दुकानों की जांच के दौरान प्रतिबंधित पॉलीथिन और प्लास्टिक के गिलास मिलने पर उन्हें जब्त कर लिया गया। कार्रवाई के दौरान दुकानदारों से छह हजार रुपये का जुर्माना भी वसूला गया। नगर निगम आयुक्त संतोष कुमार वैश्य के मुताबिक सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण, फुटपाथ पर अवैध निर्माण और प्रतिबंधित पॉलीथिन के इस्तेमाल के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। शहर में यातायात व्यवस्था सुचारु रखने और फुटपाथ को राहगीरों के लिए खाली कराने के लिए टास्कफोर्स द्वारा अलग-अलग बाजारों में कार्रवाई की जा रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User