आगरा से दलित वोट बैंक को साधेंगे अखिलेश यादव:15 नवंबर को होगा सपा का दलित सम्मेलन,प्रदेश भर के दलित होंगे शामिल

Oct 03, 2026 - 14:20
0
आगरा से दलित वोट बैंक को साधेंगे अखिलेश यादव:15 नवंबर को होगा सपा का दलित सम्मेलन,प्रदेश भर के दलित होंगे शामिल
समाजवादी पार्टी पश्चिमी उत्तर प्रदेश में दलित वोट बैंक को साधने की तैयारी में जुट गई है। पार्टी 15 नवंबर को आगरा में विशाल दलित सम्मेलन आयोजित करने जा रही है। इसकी तैयारी को लेकर राज्यसभा सांसद रामजीलाल सुमन ने शनिवार को अपने आवास पर प्रेस वार्ता कर प्रदेश भर के दलितों से शामिल होने की अपील की है। रामजीलाल सुमन ने बताया कि 15 नवंबर 2026 को राजकीय इंटर कॉलेज आगरा के मैदान में पश्चिमी यूपी का विशाल दलित सम्मेलन आयोजित होगा। सम्मेलन में मुख्य अतिथि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव होंगे। सम्मेलन का उद्देश्य वर्तमान सरकार के दलित विरोधी चरित्र को उजागर करना और दलितों के संरक्षण तथा उनके साथ हो रहे अन्याय पर सार्थक चर्चा करना है। सुमन ने योगी सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि योगीराज में 72 जिलों में पिछले एक साल में 151 जगहों पर डॉ. भीमराव अंबेडकर की मूर्तियां तोड़ी गई हैं। कई स्थानों पर भगवान बुद्ध की मूर्तियों को भी निशाना बनाया गया है। चिंता की बात यह है कि किसी भी घटना पर सरकार ने कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की। उन्होंने कहा कि ये लोग अंबेडकर के विचारों के जन्मजात विरोधी हैं और उनके विचारों का अपमान कर रहे हैं। सुमन ने कहा कि भारत सरकार के गृह मंत्रालय के अधीन नेशनल क्राइम रिकॉर्ड ब्यूरो के आंकड़ों के मुताबिक देश में सबसे ज्यादा दलितों पर अत्याचार उत्तर प्रदेश में हुए हैं। योगी का बुलडोजर भी जाति और धर्म देखकर चलता है। दलितों में असुरक्षा की भावना बढ़ी है। अनुसूचित जाति की भर्तियां आउटसोर्सिंग और कॉन्ट्रैक्ट पर की जा रही हैं। यह आरक्षण खत्म करने की साजिश है। उन्होंने कहा कि इस सम्मेलन के माध्यम से समाजवादी पार्टी दलितों के अधिकारों को लेकर अपनी प्रभावी भूमिका सुनिश्चित करेगी और दलित समाज को सपा से जोड़ेगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User