सोनभद्र में 2483 विद्यार्थियों के खातों में पहुंची छात्रवृत्ति:65.79 लाख रुपए की राशि भेजी, कलेक्ट्रेट में प्रमाणपत्र बांटे; नवरात्र से पहले तोहफा

Oct 03, 2026 - 14:20
0
सोनभद्र में 2483 विद्यार्थियों के खातों में पहुंची छात्रवृत्ति:65.79 लाख रुपए की राशि भेजी, कलेक्ट्रेट में प्रमाणपत्र बांटे; नवरात्र से पहले तोहफा
नवरात्र से पहले प्रदेश सरकार की ओर से छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति दी गई। शनिवार को लखनऊ में आयोजित छात्रवृत्ति वितरण समारोह का सोनभद्र के कलेक्ट्रेट सभागार में भी सजीव प्रसारण किया गया। इसी क्रम में जिले के 2483 विद्यार्थियों के बैंक खातों में कुल 65 लाख 79 हजार 149 रुपए की छात्रवृत्ति भेजी गई। इसमें समाज कल्याण, पिछड़ा वर्ग कल्याण और अल्पसंख्यक कल्याण विभाग से जुड़े पात्र छात्र-छात्राएं शामिल हैं। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम में सदर विधायक भूपेश चौबे और मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी ने छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति स्वीकृति प्रमाणपत्र वितरित किए। त्योहार से पहले खातों में पहुंची राशि सदर विधायक भूपेश चौबे ने कहा कि सरकार ने त्योहार से पहले छात्र-छात्राओं के खातों में छात्रवृत्ति की धनराशि भेजने का काम किया है। उन्होंने बताया कि यह प्रथम चरण है और मार्च तक विभिन्न चरणों में पात्र विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति का लाभ दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि आर्थिक कारणों से किसी विद्यार्थी की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने बताया कि छात्रवृत्ति योजना के तहत अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, पिछड़ा वर्ग, सामान्य और अल्पसंख्यक वर्ग के पात्र विद्यार्थियों को प्री-मैट्रिक और पोस्ट-मैट्रिक छात्रवृत्ति दी जाती है। इसके अलावा अटल आवासीय विद्यालयों के माध्यम से श्रमिकों के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में भी काम किया जा रहा है। CDO बोलीं- आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों को पढ़ाई जारी रखने में मिलेगी मदद मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी ने कहा कि छात्रवृत्ति योजना आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को अपनी शिक्षा जारी रखने में मदद करती है। योजना का उद्देश्य स्कूल छोड़ने वाले विद्यार्थियों की संख्या कम करना और सभी विद्यार्थियों को शिक्षा के समान अवसर उपलब्ध कराना है। अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद कार्यक्रम में भाजपा जिला उपाध्यक्ष ओमप्रकाश दुबे, बीएसए मुकुल देव पांडेय, डीआईओएस जय राम सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी ज्ञानेंद्र कुमार सिंह भदौरिया, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी सुधांशु शेखर शर्मा, पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी नरेंद्र देव पांडेय समेत छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। इस दौरान छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति स्वीकृति प्रमाणपत्र भी वितरित किए गए।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User