आगरा विश्वविद्यालय परीक्षा नियंत्रक कार्यालय पर लगे लापता के पोस्टर:रिजल्ट में गड़बड़ी को लेकर छात्रों ने किया हंगामा, छात्र धरने पर बैठे
आगरा डॉ भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय में बीए और बीए-एलएलबी के छात्रों ने बुधवार को परीक्षा नियंत्रक कार्यालय पर हंगामा कर दिया। छात्र बुधवार को परीक्षा नियंत्रक से मिलने उनके कार्यालय पहुंचे थे, लेकिन वह कार्यालय में मौजूद नहीं थे। काफी देर तक इंतजार करने के बाद भी जब परीक्षा नियंत्रक नहीं आए तो छात्र वहीं धरने पर बैठ गए और नारेबाजी शुरू कर दी। गुस्साए छात्रों ने परीक्षा नियंत्रक कार्यालय के गेट पर 'परीक्षा नियंत्रक लापता हैं' के पोस्टर चिपका दिए। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने रिजल्ट में गड़बड़ी और बड़ी संख्या में छात्रों को फेल करने का आरोप लगाया। प्रदर्शन करीब दो घंटे तक चला। छात्र नेता अंकुश गौतम ने कहा कि हाल ही में बीए-एलएलबी का रिजल्ट जारी हुआ था। आरोप है कि पहले जो रिजल्ट आया था उसमें कई छात्रों को प्रमोट दिखाया गया था, लेकिन दूसरी बार जारी रिजल्ट में 10 से 15 नंबर कम कर दिए गए। इससे कई छात्र फेल हो गए। बीए के रिजल्ट में भी गड़बड़ी का आरोप है। वहीं छात्र ने बताया कि बीए 2024 बैच का तृतीय सेमेस्टर का परिणाम अभी तक जारी नहीं हुआ है, जबकि चतुर्थ सेमेस्टर का परिणाम जारी कर दिया गया है। चतुर्थ सेमेस्टर में कई विद्यार्थियों को विभिन्न विषयों में Absent दर्शाया गया है, जबकि वे परीक्षा में शामिल हुए थे। वहीं, बीए 2025 बैच का प्रथम सेमेस्टर का रिजल्ट अभी तक जारी नहीं हुआ है, लेकिन द्वितीय सेमेस्टर का परिणाम जारी कर दिया गया है। द्वितीय सेमेस्टर के रिजल्ट में गलत CGPA सहित अन्य त्रुटियां हैं। छात्रों ने सह-पाठ्यक्रम परीक्षा में भी गड़बड़ी का आरोप लगाया है। बीए 2024 बैच के विद्यार्थियों को NQ (Not Qualified) दर्शाया गया था। पुनः परीक्षा के लिए प्रति विद्यार्थी 1100 रुपये शुल्क लेने के बाद भी परिणाम में फिर से NQ ही दिखाया जा रहा है। छात्रों ने मांग की है कि सभी समस्याओं की जांच कर परिणामों में सुधार किया जाए, लंबित परिणाम जल्द जारी किए जाएं और लिए गए शुल्क पर उचित कार्रवाई की जाए, ताकि विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित न हो। छात्रों का कहना था कि विश्वविद्यालय प्रशासन जानबूझकर रिजल्ट में गड़बड़ी कर रहा है। इससे उनका साल खराब हो रहा है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)