आजमगढ़ में 50 हजार का इनामी गैंगस्टर फैजान गिरफ्तार:20 मुकदमों में रहा है आरोपी, तलाश में जुटी थी पुलिस और सर्विलांस सेल
आजमगढ़ जिले के देवगांव पुलिस ने सर्विलांस सेल और स्वाट टीम के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए 50 हजार रुपये के इनामी गैंगस्टर अभियुक्त फैजान उर्फ गुल्लू को गिरफ्तार किया है। आरोपी चोरी, लूट, गोवध, धोखाधड़ी, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट समेत विभिन्न आपराधिक मामलों में संलिप्त रहा है। उसके खिलाफ आजमगढ़ और जौनपुर के विभिन्न थानों में कुल 20 मुकदमे दर्ज हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में वांछित और इनामी अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को सूचना मिली थी कि देवगांव थाने में गैंगस्टर एक्ट के तहत दर्ज मुकदमे में वांछित फैजान उर्फ गुल्लू गोसाईगंज-जिबली मार्ग से अपने घर की ओर जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दादा चौक/ग्राम चौकी मोड़ से करीब 150 मीटर दूर गिरफ्तार कर लिया। दुकान से CCTV कैमरा और जेवरात चोरी का आरोप
पुलिस के मुताबिक, फैजान अपने साथियों के साथ 9/10 जनवरी 2024 की रात कंजहित बाजार स्थित एक दुकान से CCTV कैमरा और जेवरात चोरी करने की घटना में शामिल था। इस मामले में देवगांव थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। इसके अलावा 9 जनवरी 2024 को अभियुक्तों ने बोलेरो वाहन संख्या UP62 AV3931 चोरी करने का प्रयास किया था, लेकिन वे सफल नहीं हो सके।
21 जनवरी 2024 को अभियुक्तों की गिरफ्तारी के दौरान पुलिस बल पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की गई थी। इस मामले में देवगांव थाने में हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।
फैजान उर्फ गुल्लू की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ ने 8 सितंबर 2026 को 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। लगातार फरार रहने पर डीआईजी आजमगढ़ परिक्षेत्र ने 16 सितंबर 2026 को इनाम की राशि बढ़ाकर 50 हजार रुपये कर दी थी। गिरफ्तार आरोपी की पहचान फैजान उर्फ गुल्लू पुत्र कयूम, निवासी ग्राम बक्सपुर, थाना बरदह, जनपद आजमगढ़ के रूप में हुई है। उसके खिलाफ आजमगढ़ के बरदह, देवगांव, फूलपुर, सिधारी, रानी की सराय, मेहनगर और सरायमीर समेत कई थानों के अलावा जौनपुर के केराकत और खेतासराय थानों में भी मुकदमे दर्ज हैं। इनमें चोरी, लूट, गोवध अधिनियम, धोखाधड़ी, आर्म्स एक्ट, हत्या के प्रयास और गैंगस्टर एक्ट से संबंधित मामले शामिल हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)