आजमगढ़ में अधिवक्ता को जान से मारने की धमकी:पिस्टल दिखाकर कार से साइड मारने का आरोप, दर्ज हुआ मुकदमा

Oct 18, 2026 - 20:04
0
आजमगढ़ में अधिवक्ता को जान से मारने की धमकी:पिस्टल दिखाकर कार से साइड मारने का आरोप, दर्ज हुआ मुकदमा
आजमगढ़ शहर में एक अधिवक्ता को कार से साइड मारने के बाद पिस्टल दिखाकर जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़ित अधिवक्ता की तहरीर पर पुलिस ने मामले में सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जिले के जीयनपुर थाना क्षेत्र के नुरुद्दीनपुर गांव निवासी शुभम सिंह आजमगढ़ दीवानी न्यायालय में अधिवक्ता हैं। पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि 9 अक्टूबर 2026 को दोपहर करीब एक बजे वह दीवानी न्यायालय से निजी कार्य के लिए जिला आपूर्ति कार्यालय जा रहे थे। इसी दौरान मां विंध्यवासिनी अनंता निजी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान के पास तेज रफ्तार से आ रही एक गैलेंजा कार ने उन्हें पीछे से साइड मार दी। आरोप है कि कुछ दूरी पर कार रोककर उसमें सवार लोगों ने अधिवक्ता को रोक लिया और गाली-गलौज करने लगे। इसके बाद पिस्टल निकालकर उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई। पीड़ित ने अपनी तहरीर में राहुल सिंह पुत्र प्रमोद सिंह, प्रद्युम्न सिंह पुत्र उपेंद्र सिंह तथा तीन-चार अज्ञात लोगों पर घटना में शामिल होने का आरोप लगाया है। आरोपियों ने दी धमकी पुलिस को दिए शिकायती पत्र में पीड़ित अधिवक्ता ने आरोप लगाया है कि आरोपितों ने उन्हें वकालत छोड़ने की धमकी देते हुए कहा कि ऐसा नहीं करने पर उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने पड़ेंगे। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि संबंधित वाहन पर काली फिल्म लगी थी और पुलिस का लोगो भी लगा हुआ था। कार का नंबर यूपी 50 सीसीसी 4212 बताया गया है। पीड़ित ने तहरीर में यह भी उल्लेख किया है कि आरोपित पहले उनके पिता के साथ भी इस तरह की घटना कर चुके हैं। उन्होंने अपनी जान को खतरा बताते हुए पुलिस से सुरक्षा और आरोपितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। इस मामले में अधिवक्ता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुटी हुई है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User