आजमगढ़ में अलग-अलग थाना क्षेत्रों में दो मुठभेड़:20 लाख के चांदी के आभूषणों के साथ पांच गिरफ्तार, तीन घायल, चांदी बेचकर खरीदी थी अर्टिगा
आजमगढ़ जिले में ज्वेलरी दुकानों में चोरी की दो घटनाओं का पुलिस ने खुलासा किया है। शुक्रवार, 16 अक्टूबर को तरवां और निजामाबाद थाना क्षेत्रों में हुई दो अलग-अलग पुलिस मुठभेड़ों में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इनमें तीन आरोपी गोली लगने से घायल हो गए। जबकि दो को मौके से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 9.3 किलोग्राम चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। जिनकी अनुमानित कीमत 20 लाख रुपये बताई गई है। इसके अलावा दो अवैध तमंचे, कारतूस, चोरी में इस्तेमाल की गई बिना नंबर प्लेट की सफेद अर्टिगा गाड़ी और ताला-शटर तोड़ने के उपकरण भी बरामद हुए हैं। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी और संदिग्ध वाहनों की चेकिंग के दौरान की गई। फरिहा और खरिहानी की ज्वेलरी दुकानों में हुई थी चोरी
24/25 सितंबर की रात निजामाबाद थाना क्षेत्र के फरिहा चौक स्थित ओम ज्वेलर्स का शटर तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण और 60 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए गए थे। इस मामले में निजामाबाद थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। इसी तरह, 9 अक्टूबर को तरवां थाना क्षेत्र के खरिहानी बाजार स्थित वैभव ज्वेलर्स का ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण चोरी किए गए थे। इस घटना के संबंध में तरवां थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही थी। तरवां में मुठभेड़, एक घायल और दूसरा गिरफ्तार
16 अक्टूबर की सुबह करीब 3:10 बजे तरवां थाना प्रभारी राजीव कुमार सिंह अपनी टीम के साथ कम्हरिया-कुर्थियां के पास चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। पुलिस का दावा है कि बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके बाद आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई में रामसागर बांसफोर घायल हो गया। वहीं, निन्ही को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। निजामाबाद क्षेत्र में पीछा करने के बाद दूसरी मुठभेड़
तरवां क्षेत्र में कार्रवाई के बाद पुलिस टीम ने बिना नंबर प्लेट की सफेद अर्टिगा गाड़ी का पीछा किया। पुलिस के मुताबिक, बड़ागांव नहर पुलिया के पास गाड़ी झाड़ियों में फंस गई। इसके बाद गाड़ी से उतरे आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में सुनील और रमाशंकर घायल हो गए, जबकि अनिल को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। तीनों घायल आरोपियों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। घटनास्थल पर फील्ड यूनिट ने आवश्यक साक्ष्य भी जुटाए। पांच आरोपी गिरफ्तार, तीन घायल
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इस प्रकार बताई है:
सुनील, निवासी जनपद मिर्जापुर। रामसागर बांसफोर, निवासी मध्य प्रदेश। रमाशंकर, निवासी जनपद सिंगरौली, मध्य प्रदेश। अनिल, निवासी तेंदुआ खुर्द, थाना लालगंज, जनपद मिर्जापुर। निन्ही, निवासी डोड़ोपुर, थाना निजामाबाद, जनपद आजमगढ़। इनमें सुनील, रामसागर और रमाशंकर मुठभेड़ के दौरान घायल हुए हैं। 9.3 किलोग्राम चांदी के आभूषण बरामद
आरोपियों के कब्जे से कुल करीब 9.3 किलोग्राम चांदी के आभूषण बरामद हुए हैं। इनमें फरिहा स्थित ओम ज्वेलर्स से संबंधित लगभग 6.76 किलोग्राम और खरिहानी स्थित वैभव ज्वेलर्स से संबंधित करीब 2.54 किलोग्राम चांदी के आभूषण शामिल हैं। बरामद आभूषणों की अनुमानित कीमत लगभग 20 लाख रुपये बताई गई है। इसके अतिरिक्त पुलिस ने दो अवैध .315 बोर के तमंचे, दो खोखा कारतूस, दो जिंदा कारतूस, दो मिस कारतूस, बिना नंबर प्लेट की एक सफेद अर्टिगा गाड़ी और शटर व ताले तोड़ने में इस्तेमाल होने वाले लोहे के दो रम्मे, एक प्लास, एक पेचकश और एक सुम्भी बरामद की है। रेकी कर रात में दुकानों को बनाते थे निशाना
पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ के अनुसार, आरोपी समूह बनाकर ज्वेलरी दुकानों की रेकी करते थे और रात में शटर व ताले तोड़कर चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। पूछताछ में फरिहा स्थित ओम ज्वेलर्स और खरिहानी स्थित वैभव ज्वेलर्स में चोरी करने की बात सामने आई है। आरोपियों ने फरिहा से चोरी किए गए कुछ आभूषण बेचकर अर्टिगा गाड़ी खरीदी थी। शेष आभूषणों को बेचने के लिए ले जाया जा रहा था। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों और दूसरी चोरी की घटनाओं में उनकी संभावित संलिप्तता की जानकारी जुटा रही है। कई जिलों और राज्यों में दर्ज हैं मुकदमे
गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ और मिर्जापुर सहित मध्य प्रदेश तथा छत्तीसगढ़ में चोरी, नकबजनी, गृहभेदन, मादक पदार्थों, शस्त्र अधिनियम और अन्य आपराधिक मामलों में मुकदमे दर्ज हैं। कुछ आरोपियों का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है।
इस मामले में तरवां थाने में चोरी और पुलिस मुठभेड़ से संबंधित मुकदमे दर्ज हैं, जबकि निजामाबाद थाने में भी चोरी की घटना का मुकदमा पंजीकृत है। आरोपियों के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)