आजमगढ़ में दो घरों में ₹700000 से अधिक की चोरी:तेरहवीं के दिन घर में चोरों ने दिया घटना को अंजाम
आजमगढ़ जिले के कप्तानगंज थाना क्षेत्र के किरतूपुर गांव में बीती रात अज्ञात चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के आभूषण और नकदी चोरी कर ली। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने पुलिस से जल्द से जल्द चोरों की गिरफ्तारी की मांग की है। कप्तानगंज थाना क्षेत्र के किरतूपुर गांव निवासी बसंत मोदनवाल पुत्र रामजीत मोदनवाल के घर का शटर का ताला तोड़कर चोर अंदर घुस गए। चोरों ने घर से दो सोने की सीकड़, चार सोने के मांग टीका, एक सोने का मंगलसूत्र समेत अन्य कीमती आभूषण और 73 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए। परिजनों के मुताबिक चोरी गए आभूषणों की अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि बसंत मोदनवाल की पत्नी का करीब 13 दिन पूर्व निधन हुआ था और गुरुवार को उनके घर तेरहवीं का कार्यक्रम होना था। परिवार इसी तैयारी में जुटा था। इसी दौरान चोरों ने मौका पाकर घर को खंगाल दिया। एक और घर को निशाना बनाने का किया प्रयास
इसी गांव में चोरों ने श्री प्रकाश राय पुत्र कैलाश राय के मकान को भी निशाना बनाने का प्रयास किया। मकान में ताला बंद था, जिसे चोरों ने तोड़ने की कोशिश की, लेकिन वे अपने मंसूबे में सफल नहीं हो सके। वहीं ईश्वरपुर पवनी गांव में भी जसराज प्रजापति पुत्र दुब्बर प्रजापति के घर अज्ञात चोरों ने बक्से का ताला तोड़कर लाखों रुपये के सामान पर हाथ साफ कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही कप्तानगंज पुलिस के साथ बूढ़नपुर चौकी पुलिस भी मौके पर पहुंची। शुरुआती दौर में दोनों पुलिस टीमों के बीच घटनास्थल को लेकर सीमा संबंधी स्थिति स्पष्ट करने में कुछ समय लगा। बाद में पीड़ित ने कप्तानगंज थाने में तहरीर दी। कप्तानगंज थानाध्यक्ष ने बताया कि चोरी की घटना के संबंध में तहरीर प्राप्त हो गई है। मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर जल्द आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। लगातार हुई चोरी की घटनाओं से क्षेत्र के लोगों में भय का माहौल है। ग्रामीणों ने पुलिस अधिकारियों से रात्रि गश्त बढ़ाने और घटनाओं का शीघ्र खुलासा करते हुए चोरों को गिरफ्तार करने की मांग की है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)