आजमगढ़ में व्यापारी से 30 लाख रुपए की धोखाधड़ी:पैसा वापस मांगने पर जान से मारने की धमकी, दर्ज हुआ मुकदमा, जांच में जुटी पुलिस
आजमगढ़ जिले के शहर के सदावर्ती चौक स्थित अमर ट्रेडिंग कंपनी के प्रोपराइटर ने एक कारोबारी पर 30 लाख रुपये उधार लेकर वापस न करने और रकम मांगने पर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। मामले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की गई थी। इस मामले में कोतवाली में नौ अक्टूबर 2026 को अभियोग पंजीकृत किया गया। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। हार्डवेयर का काम करता है व्यापारी
शहर कोतवाली के खत्रीटोला निवासी अमर कुमार अग्रवाल सदावर्ती चौक स्थित अमर ट्रेडिंग कंपनी के प्रोपराइटर हैं और हार्डवेयर का कारोबार करते हैं। तहरीर में उन्होंने बताया कि लाड़पुर जोखू, पोस्ट करूई सुरहन, थाना मार्टीनगंज निवासी अमित कुमार राय उनकी दुकान से हार्डवेयर और लोहे का सामान खरीदने आते थे। इसी वजह से दोनों के बीच कारोबारी संबंध और लेन-देन था।
आरोप है कि अमित कुमार राय ने अपनी तत्कालिक आवश्यकता बताते हुए उनसे 30 लाख रुपये उधार मांगे और जल्द वापस करने का भरोसा दिया। अमर कुमार अग्रवाल के मुताबिक, उन्होंने अपने पंजाब नेशनल बैंक खाते से 20 मई 2024 को 20 लाख रुपये तथा 30 मई 2024 और 7 जून 2024 को पांच-पांच लाख रुपये अमित कुमार राय के बैंक खाते में स्थानांतरित किए।
प्रार्थी का कहना है कि निर्धारित समय बीतने के बाद जब उन्होंने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपी कथित तौर पर टालमटोल करने लगा। कई बार मोबाइल फोन से संपर्क कर भुगतान करने का अनुरोध किया गया। लेकिन रकम वापस नहीं की गई। रकम मांगने पर धमकी देने का आरोप
तहरीर के अनुसार, 19 अगस्त 2026 को अमर कुमार अग्रवाल ने अमित कुमार राय से व्यक्तिगत रूप से मिलकर बकाया रकम लौटाने को कहा। आरोप है कि इस दौरान अमित कुमार राय ने रकम भूल जाने और दोबारा मांगने नहीं आने की बात कहते हुए गाली-गलौज की तथा दोबारा रकम मांगने पर जान से मरवा देने की धमकी दी। अमर कुमार अग्रवाल ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में दावा किया है कि उनके पास बैंक ट्रांजेक्शन का विवरण और मोबाइल पर हुई बातचीत की ऑडियो क्लिप मौजूद है। उन्होंने आरोपी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने और अपनी रकम वापस दिलाने की मांग की। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)