आलोप शंकरी मंदिर में चला मिशन शक्ति अभियान:महिलाओं को उनके अधिकार बताए और मंदिर में सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया
प्रयागराज में शारदीय नवरात्रि के अवसर पर प्रयागराज के शक्तिपीठ आलोप शंकरी मंदिर में मिशन शक्ति 6.0 अभियान चलाया गया। इस दौरान मंदिर में दर्शन करने आए महिलाओं और पुरुषों को महिला सुरक्षा, उनके अधिकारों और कानून की जानकारी दी गई। साथ ही मंदिर परिसर में सफाई अभियान चलाकर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। मिशन शक्ति अभियान के तहत शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में आलोप शंकरी मंदिर में पुलिस और नगर निगम के स्वच्छता विभाग की टीम ने मिलकर अभियान चलाया। मंदिर परिसर में फूलों की मदद से मिशन शक्ति 6.0 की आकृति बनाई गई। इसके माध्यम से लोगों को अभियान के बारे में जानकारी दी गई। अभियान के दौरान पुलिसकर्मियों ने मंदिर में आने वाली महिलाओं को पंपलेट बांटे। इन पंपलेट के जरिए महिलाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा से जुड़े कानूनों और मदद पाने के तरीकों के बारे में बताया गया। महिला पुलिसकर्मियों ने महिलाओं को जागरूक करते हुए कहा कि किसी भी तरह की परेशानी होने पर उन्हें चुप नहीं रहना चाहिए, बल्कि पुलिस की मदद लेनी चाहिए। वहीं, स्वच्छता अभियान के तहत मंदिर परिसर में झाड़ू लगाकर सफाई की गई। टीम ने लोगों को समझाया कि धार्मिक स्थलों को साफ रखना सभी की जिम्मेदारी है। मंदिर में दर्शन करने आने वाले श्रद्धालुओं से परिसर में कूड़ा न फेंकने और आसपास गंदगी नहीं फैलाने की अपील की गई। लोगों को यह भी बताया गया कि अपने घर, गली और आसपास के इलाकों को साफ रखकर बीमारियों से बचा जा सकता है। अभियान के दौरान पुलिसकर्मियों और नगर निगम के स्वच्छता विभाग की टीम ने लोगों को स्वच्छता बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। नवरात्रि में मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं के बीच महिला सुरक्षा और साफ-सफाई का संदेश पहुंचाने के उद्देश्य से यह कार्यक्रम आयोजित किया गया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)