आयुष्मान मरीजों के खाने में लापरवाही पर एक्शन की चेतावनी:कानपुर देहात के 13 अस्पतालों को सीएमओ का अल्टीमेटम
कानपुर देहात में आयुष्मान भारत योजना के तहत भर्ती मरीजों को गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने को लेकर स्वास्थ्य विभाग सख्त हो गया है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी और आयुष्मान भारत के नोडल अधिकारी डॉ. जय गोविंद ने जिले के 13 सूचीबद्ध सरकारी और निजी अस्पतालों को पत्र जारी कर निर्धारित मानकों के अनुसार मरीजों को भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही आदेशों का पालन नहीं करने पर दंडात्मक कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है। दरअसल, आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत सूचीबद्ध अस्पतालों में भर्ती मरीजों को गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने के लिए पहले भी निर्देश जारी किए जा चुके हैं। इसके बावजूद कुछ अस्पतालों में इन निर्देशों का समुचित पालन नहीं होने की बात सामने आई है। इसे गंभीरता से लेते हुए सीएमओ कार्यालय ने 14 अक्टूबर को दोबारा पत्र जारी कर संबंधित अस्पतालों को व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए हैं। सीएमओ ने स्पष्ट किया है कि आयुष्मान योजना के तहत भर्ती मरीजों को निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए। इसमें किसी भी तरह की लापरवाही मिलने पर संबंधित अस्पताल के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की जा सकती है। जिन 13 अस्पतालों को निर्देश जारी किए गए हैं, उनमें रसूलाबाद का कौशिकी अस्पताल एवं सर्जिकल सेंटर, पुखरायां का वीपीएन अस्पताल, रायपुर बाजार का डीएस मेमोरियल अस्पताल और ककरदही बाघपुर का ओम अस्पताल शामिल हैं। इसके अलावा अकबरपुर के पुष्पे अस्पताल, नोवा ग्रेस अस्पताल, अंतराज अस्पताल, लोकप्रिय अस्पताल और गणेश अस्पताल को भी निर्देशित किया गया है। वहीं रनियां के बिसायकपुर स्थित राजावत अस्पताल एवं मल्टी सुपर स्पेशलिटी, नबीपुर का श्री गौरी मल्टी स्पेशलिटी अस्पताल, श्री आरपी पोरवाल अस्पताल और मावर स्थित द प्रीमियम आई अस्पताल को भी पत्र भेजा गया है। अब देखना होगा कि स्वास्थ्य विभाग के इन निर्देशों का अस्पतालों में कितना पालन होता है और मरीजों को गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने की व्यवस्था कितनी प्रभावी साबित होती है। इसकी एक-एक प्रतिलिपि डीएम कानपुर देहात और खाद औषधि सुरक्षा अधिकारी को भी भेजी गई है
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)