BHU अस्पताल के छोटी गेट पर मारपीट:सुरक्षाकर्मी का मोबाइल टूटा,युवक को सड़क पर गिराकर मारते दिखे

Oct 15, 2026 - 10:21
0
BHU अस्पताल के छोटी गेट पर मारपीट:सुरक्षाकर्मी का मोबाइल टूटा,युवक को सड़क पर गिराकर मारते दिखे
काशी हिंदू विश्वविद्यालय के सर सुंदरलाल अस्पताल के छोटे गेट के पास देर रात छात्रों के एक गुट और मरीज के तीमारदारों के बीच मारपीट हो गई। किसी बात को लेकर शुरू हुई कहासुनी कुछ ही देर में हिंसक झड़प में बदल गई। दोनों पक्षों के बीच जमकर गाली-गलौज और मारपीट हुई। करीब आधे घंटे तक चले हंगामे से इलाके में अफरातफरी मच गई। इस दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे अस्पताल के सुरक्षाकर्मी का मोबाइल टूट गया और उसके हाथ में भी चोट आई। सूचना पर पुलिस पहुंचती, इससे पहले ही मारपीट करने वाले युवक मौके से भाग निकले। अस्पताल के अंदर तक पहुंची मारपीट, सुरक्षाकर्मी से धक्का-मुक्की मारपीट करते हुए युवक बीएचयू अस्पताल के छोटे गेट के अंदर तक चले गए। आरोप है कि इस दौरान वहां मौजूद एक सुरक्षाकर्मी का डंडा छीन लिया गया। सुरक्षाकर्मी ने जब बीच-बचाव कर स्थिति संभालने की कोशिश की तो युवकों ने उसके साथ धक्का-मुक्की की। इसमें उसका मोबाइल टूट गया और हाथ में चोट भी आई। घटना के बाद घायल सुरक्षाकर्मी ने अपने अधिकारियों को इसकी शिकायत की। दुकानदारों में दहशत, पुलिस के पहुंचने से पहले भागे युवक अस्पताल के छोटे गेट के आसपास देर रात तक चाय और दवा की दुकानें खुली रहती हैं। मारपीट शुरू होने के बाद इलाके में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विवाद बढ़ता देख कई दुकानदार अपनी दुकानें बंद कर वहां से हटने लगे। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही मारपीट में शामिल युवक फरार हो गए। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इलाके में नियमित पुलिस गश्त नहीं होने के कारण इस तरह की घटनाएं होती रहती हैं। अस्पताल के आसपास मरीजों और उनके तीमारदारों की आवाजाही देर रात तक बनी रहती है। ऐसे में मारपीट की घटना से उनकी सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। सीसीटीवी फुटेज से आरोपियों की पहचान की कोशिश घटना के बाद पुलिस सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर मारपीट में शामिल युवकों की पहचान करने में जुटी है। वहीं, विश्वविद्यालय स्तर पर भी मामले की जांच की जा रही है कि मारपीट करने वाले युवक बीएचयू के छात्र हैं या बाहरी। घटना के दौरान एक युवक के भी चोटिल होने की बात सामने आई है, हालांकि उसके साथ मौजूद लोगों की ओर से फिलहाल कोई शिकायत नहीं की गई है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User