अज्ञात शव की हुई पहचान:महाराजगंज पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की
अयोध्या कोतवाली क्षेत्र के किशुनदासपुर में छोटी नहर की पटरी पर मिले अज्ञात युवक के शव की पहचान हो गई है। युवक की पहचान महाराजगंज थाना क्षेत्र के मानापुर, सराय सागर निवासी मनोज चौहान 28 वर्ष के रूप में हुई है। युवक के गले और सिर पर कट के निशान मिलने से हत्या की आशंका जताई जा रही है। गले में गमछा भी लिपटा हुआ था। मृतक के पिता ने बेटे की हत्या किए जाने का आरोप लगाते हुए पुलिस से निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है। मृतक के पिता अनिल चौहान ने महाराजगंज थाने में दी गई तहरीर में बताया कि उनका पुत्र मनोज चौहान फैजाबाद कस्बे में टाइल्स लगाने का काम करता था। वह अयोध्या के देवकली स्थित धनीराम का पुरवा में ज्योति नाम की युवती के साथ रहता था। तहरीर के मुताबिक, 13 अक्टूबर को ज्योति ने उनके भतीजे अनुज के मोबाइल पर फोन कर मनोज की हत्या किए जाने की सूचना दी। इसके बाद परिजनों ने जानकारी जुटाई तो पता चला कि मनोज का शव किशुनदासपुर, दर्शननगर के पास बुधवार शाम मिला है। मौके पर पहुंचकर पिता ने शव की पहचान की। अनिल चौहान ने ज्योति की घटना में संभावित संलिप्तता की आशंका जताते हुए पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। हालांकि, इस संबंध में पुलिस की जांच के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया था। देर रात परिजन अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहे थे, लेकिन एफआईआर दर्ज होने तक अंतिम संस्कार नहीं करने की बात पर अड़ गए। इसकी जानकारी मिलने पर अयोध्या कोतवाली और महाराजगंज थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने परिजनों को मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद महाराजगंज पुलिस ने पिता की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अब पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर युवक की मौत की परिस्थितियों का पता लगाने में जुटी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)