अधिवक्ताओं से मुलाकात न होने पर डीएम ने दी सफाई:बलरामपुर में बोले- पहले से सूचना नहीं थी, ज्ञापन लेने से इनकार का सवाल ही नहीं

Oct 16, 2026 - 10:58
0
अधिवक्ताओं से मुलाकात न होने पर डीएम ने दी सफाई:बलरामपुर में बोले- पहले से सूचना नहीं थी, ज्ञापन लेने से इनकार का सवाल ही नहीं
बलरामपुर। धारा 34 के संबंध में ज्ञापन देने पहुंचे अधिवक्ताओं की डीएम डॉ. विपिन कुमार जैन से मुलाकात नहीं हो पाने के मामले में अब डीएम ने अपनी स्थिति स्पष्ट की है। उन्होंने कहा कि अधिवक्ताओं के कलेक्ट्रेट आने की उन्हें पहले से कोई सूचना नहीं थी। निर्धारित कार्यक्रम में शामिल होने के लिए वह कलेक्ट्रेट से निकल चुके थे। ऐसे में मुलाकात नहीं हो पाने की स्थिति को ज्ञापन लेने से इनकार के रूप में प्रस्तुत करना वास्तविक तथ्यों के अनुरूप नहीं है। डीएम ने बताया कि गुरुवार को दोपहर करीब 12:15 बजे अधिवक्तागण धारा 34 के संबंध में ज्ञापन देने के लिए कलेक्ट्रेट पहुंचे थे। हालांकि, उनके आगमन की पूर्व सूचना डीएम को नहीं मिल सकी थी। उस समय वह अपने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम में शामिल होने के लिए कलेक्ट्रेट से रवाना हो चुके थे। डीएम डॉ. विपिन कुमार जैन ने बताया कि उन्हें समेकित दिव्यांग विद्यालय में आयोजित दिव्यांग बच्चों के कार्यक्रम में शामिल होना था। कार्यक्रम में बच्चे पूर्वाह्न 12 बजे से ही उनकी प्रतीक्षा कर रहे थे। बच्चों के प्रति संवेदनशीलता और पूर्व निर्धारित कार्यक्रम की प्रतिबद्धता को देखते हुए वहां पहुंचना उनके लिए आवश्यक था। इसी कारण वह निर्धारित समय पर कलेक्ट्रेट से प्रस्थान कर गए थे। उन्होंने स्पष्ट किया कि अधिवक्ताओं से मुलाकात नहीं हो पाने के पीछे कोई अन्य कारण नहीं था, बल्कि पूर्व सूचना का अभाव और समय की परिस्थितियां इसकी वजह रहीं। ज्ञापन लेने से इनकार करने जैसी कोई स्थिति नहीं थी। इस पूरे घटनाक्रम को किसी अन्य रूप में पेश किया जाना वास्तविक तथ्यों से मेल नहीं खाता। डीएम ने अधिवक्ताओं के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए कहा कि जिला प्रशासन अधिवक्तागण का पूर्ण सम्मान करता है। अधिवक्ता न्यायिक व्यवस्था के महत्वपूर्ण अंग हैं और उनके द्वारा उठाए जाने वाले विधिक एवं प्रशासनिक विषयों पर नियमानुसार संवाद करने तथा आवश्यक कार्रवाई के लिए जिला प्रशासन सदैव तत्पर है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User