AIPF ने आदिवासी नायकों के सम्मान की मांग की:सोनभद्र में DM को सौंपा पत्रक, गांवों में मूर्ति और स्मारक बनाने की मांग

Oct 14, 2026 - 12:38
0
AIPF ने आदिवासी नायकों के सम्मान की मांग की:सोनभद्र में DM को सौंपा पत्रक, गांवों में मूर्ति और स्मारक बनाने की मांग
सोनभद्र में ऑल इंडिया पीपुल्स फ्रंट (AIPF) ने आदिवासी स्वतंत्रता सेनानियों को उचित सम्मान नहीं मिलने पर आपत्ति जताई है। संगठन ने बुधवार सुबह 11:30 बजे डीएम चर्चित गौड़ को ज्ञापन सौंपकर बभनी ब्लॉक के घघरा गांव के शनिचर खरवार और चौवना गांव के रामेश्वर खरवार की स्मृति में मूर्ति और स्मारक बनवाने की मांग की। संगठन के अनुसार, दोनों आदिवासी नायकों ने आजादी के आंदोलन में हिस्सा लिया था। इस दौरान उन्हें जेल जाना पड़ा और अंग्रेजों ने उन पर जुर्माना भी लगाया, लेकिन इसके बावजूद उन्हें उचित सम्मान नहीं मिला। AIPF ने बताया कि दोनों स्वतंत्रता सेनानियों की स्मृति में मूर्ति और स्मारक बनवाने की मांग पहले भी उठाई जा चुकी है। जनप्रतिनिधियों ने इस संबंध में मुख्यमंत्री को पत्र भेजे, लेकिन अब तक कोई पहल नहीं हुई है। संगठन के मुताबिक, ग्राम प्रधानों ने स्मारक निर्माण के लिए जमीन उपलब्ध कराने का प्रस्ताव पास किया है। प्रतिनिधिमंडल ने जिला प्रशासन से निर्माण के लिए धनराशि मंजूर कराकर जल्द काम शुरू कराने की मांग की। घघरा ग्राम पंचायत में चार लाख रुपये के गबन का आरोप ज्ञापन में घघरा ग्राम पंचायत के पूर्व प्रधान और सेक्रेटरी पर सरकारी धन के गबन का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग भी की गई। संगठन ने कहा कि हाईकोर्ट के आदेश पर जिला प्रशासन ने गबन के चार लाख रुपये की वसूली का आदेश दिया था। प्रतिनिधिमंडल ने इस आदेश को तत्काल लागू कर रकम की वसूली कराने की मांग की। डीएम को ज्ञापन सौंपने वाले प्रतिनिधिमंडल में ऑल इंडिया पीपुल्स फ्रंट के प्रदेश महासचिव दिनकर कपूर, जिला प्रवक्ता इंद्रदेव खरवार, घोरावल संयोजक श्रीकांत सिंह और बभनी संयोजक देव कुमार खरवार शामिल रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User