अखिलेश बोले, 2027 का चुनाव जीवन-मरण का:कार्यकर्ताओं से कहा बूथों पर फर्जी वोट रोकने को सतर्क रहें, चुनाव में बेईमानी का जनता देगी जवाब

Oct 14, 2026 - 20:18
0
अखिलेश बोले, 2027 का चुनाव जीवन-मरण का:कार्यकर्ताओं से कहा बूथों पर फर्जी वोट रोकने को सतर्क रहें, चुनाव में बेईमानी का जनता देगी जवाब
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने 2027 के विधानसभा चुनाव को पार्टी के लिए जीवन-मरण का चुनाव बताते हुए कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर सतर्क रहने की अपील की। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा फर्जी वोटों को अपनी ताकत मानती है और मतदाता सूची में गड़बड़ी कर चुनाव को प्रभावित करना चाहती है। अखिलेश ने कहा कि एसआईआर के बाद भी मतदाता सूची में बड़े पैमाने पर फर्जी वोट मौजूद हैं। कार्यकर्ताओं को वोट के अधिकार की रक्षा के लिए अभी से चुनाव की तैयारी में जुट जाना चाहिए। बुधवार को लखनऊ स्थित सपा प्रदेश मुख्यालय में विभिन्न जिलों से आए कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अखिलेश ने कहा कि विधानसभा चुनाव में अब ज्यादा समय नहीं बचा है। सभी कार्यकर्ता अनुशासन में रहकर जनता के बीच जाएं। ऐसा कोई व्यवहार न करें, जिससे किसी को शिकायत का मौका मिले। जनता की उम्मीदें समाजवादी पार्टी से हैं और प्रदेश के हित में पार्टी की सरकार बनना जरूरी है। एसआईआर के बाद भी वोटर लिस्ट में गड़बड़ी अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा लगातार पिछड़ों, दलितों और अल्पसंख्यकों के वोट कटवाने की साजिश कर रही है। एसआईआर के दौरान भी सपा समर्थकों के नाम मतदाता सूची से हटवाने के प्रयास किए गए। उन्होंने दावा किया कि सपा कार्यकर्ताओं ने सुल्तानपुर के नंदलाल निषाद और लखनऊ के सरोजनीनगर निवासी दशरथ के नाम पर वोट कटवाने के लिए भाजपा की ओर से भरवाए गए कथित फर्जी फार्म-7 पकड़े थे। उन्होंने कहा कि वोट चोरी बड़ा मुद्दा है। सपा के नेताओं और कार्यकर्ताओं को बूथों पर विशेष सतर्कता बरतनी होगी, ताकि किसी पात्र मतदाता का नाम सूची से न कटे और फर्जी नामों के जरिए चुनाव को प्रभावित न किया जा सके। अखिलेश ने कहा कि 2027 का विधानसभा चुनाव केवल सरकार बनाने का नहीं, बल्कि मताधिकार बचाने का भी चुनाव है। महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार पर सरकार को घेरा सपा अध्यक्ष ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश की जनता महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार से परेशान है। भाजपा सरकार में शिक्षा और परीक्षा व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है। स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति खराब है और कानून-व्यवस्था भी बिगड़ गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारी विभागों और कामकाज में भ्रष्टाचार और लूट का बोलबाला है। अखिलेश ने कहा कि भाजपा पूरी तरह बदनाम हो चुकी है और विधानसभा चुनाव में उसकी पराजय तय है। प्रदेश की जनता सरकार के कथित कुशासन, लूट और बेईमानी का जवाब चुनाव में देगी। उन्होंने आरोप लगाया कि गरीबों और असहाय लोगों की जमीनों पर कब्जे किए जा रहे हैं और ऐसे मामलों में पुलिस भी सत्ताधारी दल के लोगों का साथ देती है। बुलडोजर से डराए जा रहे गरीब अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में न लोगों का जीवन सुरक्षित है और न सम्मान। उनके मुताबिक, अपराधियों और अराजक तत्वों को सत्ता का संरक्षण मिल रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा कानून और संविधान की अनदेखी कर सत्ता का दुरुपयोग कर रही है और गरीबों को बुलडोजर का डर दिखाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा लोकतंत्र को कमजोर करना चाहती है और चुनाव में बेईमानी के रास्ते तलाशती है। अखिलेश के मुताबिक, प्रदेश में पारदर्शी व्यवस्था स्थापित करने और बिगड़े हालात सुधारने के लिए समाजवादी पार्टी की सरकार बनना जरूरी है। पीडीए भाजपा की चाल समझ गया सपा अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा पिछड़ों, दलितों और अल्पसंख्यकों यानी पीडीए के हितों के खिलाफ काम कर रही है। उन्होंने दावा किया कि पीडीए अब भाजपा की चालबाजी समझ चुका है। विधानसभा चुनाव में जनता भाजपा को उसकी कथित लूट और बेईमानी का जवाब देगी। अखिलेश ने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे चुनाव की तैयारियों में पूरी ताकत से जुट जाएं और जनता के बीच पार्टी की नीतियों और मुद्दों को लेकर जाएं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सत्ता परिवर्तन के साथ संविधान और लोकतंत्र की रक्षा करना भी जरूरी है। सपा अध्यक्ष ने चेतावनी दी कि यदि भाजपा दोबारा सत्ता में आई तो वह बुलडोजर की राजनीति जारी रखेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से मतदाता सूची पर नजर रखने, बूथों पर सक्रिय रहने और अनुशासन बनाए रखते हुए 2027 के विधानसभा चुनाव में पार्टी की जीत सुनिश्चित करने के लिए काम करने को कहा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User