अखिलेश बोले-भाजपा फर्जी वोट बनवाती है, असली वोट कटवाती है:2027 चुनाव से पहले कार्यकर्ताओं को नसीहत, बूथ पर सतर्रक रहें

Oct 18, 2026 - 18:09
0
अखिलेश बोले-भाजपा फर्जी वोट बनवाती है, असली वोट कटवाती है:2027 चुनाव से पहले कार्यकर्ताओं को नसीहत, बूथ पर सतर्रक रहें
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा पर फर्जी वोट बनवाने, विरोधी दलों के मतदाताओं के नाम कटवाने और चुनाव में बेईमानी करने का एक बार फिर आरोप लगाया है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से अपने-अपने बूथों पर सतर्क रहने और मतदाता सूची पर नजर रखने की अपील की है। अखिलेश ने कहा कि भाजपा फर्जी वोट और बेईमानी को अपनी ताकत समझती है। वह चुनाव जीतने के लिए 10 तरह की चालें चलती है। जनता को वोट चोरी और चंदा चोरी से सावधान रहना होगा। रविवार को लखनऊ स्थित समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में विभिन्न जिलों से आए नेताओं और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अखिलेश ने कहा कि भाजपा झूठे आरोप लगाकर सपा नेतृत्व को बदनाम करने की कोशिश करती है। जनता भाजपा की बेईमानी और झूठ को समझ चुकी है। अब वह किसी तरह की मिलीभगत से चुनाव नहीं जीत सकती। जनता सत्ता परिवर्तन के लिए चुनाव की तारीखों का इंतजार कर रही है। महंगाई-बेरोजगारी से जनता परेशान, PDA एकजुट अखिलेश ने कहा कि प्रदेश की जनता महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, बजट की लूट, अन्याय और अत्याचार से परेशान है। भाजपा पर भूमाफिया को संरक्षण देने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि गरीबों, असहायों और सरकारी जमीनों पर कब्जे हो रहे हैं। न्याय मांगने वालों को ही उल्टा फंसा दिया जाता है। ऐसे मामलों में पुलिस भी सत्ताधारी दल से जुड़े लोगों के साथ खड़ी दिखाई देती है। उन्होंने कहा कि भाजपा के कुशासन से परेशान जनता ने उत्तर प्रदेश में सत्ता परिवर्तन का संकल्प ले लिया है। प्रदेश में सपा की सरकार बनाने को लेकर जनता के बीच सहमति बन रही है। PDA एकजुट है और इसकी एकता से भाजपा सरकार घबराई हुई है। इसी वजह से PDA को अपमानित और प्रताड़ित किया जा रहा है। अखिलेश ने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार में PDA के लोगों को न्याय नहीं मिल रहा है। 10 साल में 26 हजार से ज्यादा प्राइमरी स्कूल बंद होने का दावा सपा प्रमुख ने शिक्षा व्यवस्था को लेकर भी भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री की रूढ़िवादी सोच ने प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था को नुकसान पहुंचाया है। सरकारी स्कूल कम हो रहे हैं, जबकि शराब की दुकानें बढ़ रही हैं। अखिलेश के मुताबिक, भाजपा सरकार के 10 साल के कार्यकाल में 26 हजार से ज्यादा प्राइमरी स्कूल बंद कर दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा विभाग में भ्रष्टाचार और लूट के कारण स्कूली शिक्षा बर्बाद हुई है। शिक्षकों और शिक्षण संस्थानों का शोषण किया जा रहा है। शिक्षकों, स्नातकों और नौजवानों के साथ भेदभाव हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के संरक्षण में शिक्षा विभाग में कई स्तरों पर अव्यवस्था बढ़ी है। 2027 में भाजपा सत्ता से हटेगी सपा अध्यक्ष ने कहा कि जनता अपने वोट से भाजपा को जवाब देगी। उन्होंने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा सत्ता से बाहर हो जाएगी और फिर कभी वापस नहीं आएगी। अखिलेश ने कार्यकर्ताओं से चुनाव की तैयारियों में जुटने, बूथ स्तर पर सक्रिय रहने और मतदाता सूची में किसी भी गड़बड़ी के प्रति सतर्क रहने का संदेश दिया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User