गाजियाबाद में बाल विवाह के खिलाफ नुक्कड़ नाटक:मिशन शक्ति अभियान के तहत दुष्परिणामों से लोगों को जागरूक किया

Oct 18, 2026 - 18:09
0
गाजियाबाद में बाल विवाह के खिलाफ नुक्कड़ नाटक:मिशन शक्ति अभियान के तहत दुष्परिणामों से लोगों को जागरूक किया
गाजियाबाद मे महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तीकरण के लिए चलाए जा रहे मिशन शक्ति 6.0 के तहत रविवार को वेव सिटी थाना क्षेत्र के एकला गांव में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। शारदीय नवरात्र के नौ दिवसीय विशेष अभियान के आठवें दिन पुलिस ने बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को खत्म करने के लिए लोगों को जागरूक किया।इस दौरान नुक्कड़ नाटक और लघु फिल्म के माध्यम से बाल विवाह के दुष्परिणामों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में सहायक पुलिस आयुक्त महिला अपराध शुचिता सिंह, एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग थाना प्रभारी सर्वेश कुमार, वेव सिटी थाना प्रभारी शैलेंद्र सिंह समेत अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे। अभियान के तहत एएचटी थाना पुलिस ने स्थानीय(एनजीओ) और संबंधित विभागों के सहयोग से लोगों को बाल विवाह रोकने के लिए जागरूक किया। कार्यक्रम के दौरान नुक्कड़ नाटक और ‘बढ़ते बच्चों’ नाम की लघु फिल्म दिखाई गई। इनके जरिए बताया गया कि कम उम्र में शादी होने से बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास पर बुरा असर पड़ता है। इससे उनकी पढ़ाई भी प्रभावित होती है और भविष्य में आगे बढ़ने के अवसर कम हो जाते हैं। पुलिस ने लोगों को समझाया कि बाल विवाह बच्चों के अधिकारों का उल्लंघन है। इससे बच्चों को बेहतर जीवन और अपने सपनों को पूरा करने के अवसर नहीं मिल पाते। पुलिस अधिकारियों ने बाल विवाह प्रतिषेध कानून की जानकारी देते हुए लोगों से इस कुप्रथा को रोकने में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि बाल विवाह से संबंधित किसी भी जानकारी को जिम्मेदार अधिकारियों तक पहुंचाना जरूरी है, ताकि समय रहते इसे रोका जा सके। कार्यक्रम में बालिकाओं की शिक्षा, सुरक्षा और समान अवसरों के महत्व पर भी जोर दिया गया। पुलिस ने लोगों से अपील की कि वे बाल विवाह जैसी सामाजिक बुराइयों को खत्म करने के लिए आगे आएं और बच्चों को पढ़ाई, सुरक्षा और विकास के लिए बेहतर माहौल उपलब्ध कराएं। मिशन शक्ति अभियान के तहत विभिन्न विभागों और सामाजिक संगठनों के सहयोग से महिलाओं एवं बालिकाओं के अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने और उन्हें सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User