अखिलेश यादव की हिरासत के विरोध में सपा का प्रदर्शन:प्रयागराज में 8 अक्टूबर को कार्यकर्ता सड़क पर उतरेंगे, निकालेंगे मार्च
चुनाव आयोग के समक्ष प्रदर्शन के लिए जाते समय सपा प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को दिल्ली पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने के विरोध में समाजवादी पार्टी प्रयागराज में प्रदर्शन करेगी। मंगलवार को जार्ज टाउन स्थित पार्टी कार्यालय में जिला और महानगर इकाई की बैठक में नेताओं ने इस कार्रवाई की निंदा की और इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताया। सपा जिलाध्यक्ष अनिल यादव ने कहा कि विपक्ष के नेता शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखने जा रहे थे। ऐसे में उन्हें हिरासत में लेना लोकतांत्रिक अधिकारों का उल्लंघन है। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया, मतदाता सूची या चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर विपक्ष की ओर से उठाए जा रहे सवालों का जवाब दिया जाना चाहिए। महानगर अध्यक्ष सैयद इफ्तेखार हुसैन ने कहा कि अखिलेश यादव मतदाता अधिकार, पारदर्शी चुनाव व्यवस्था और लोकतांत्रिक संस्थाओं की स्वतंत्रता जैसे मुद्दे उठा रहे हैं। उनका कहना था कि विपक्ष की आवाज को पुलिस के जरिए रोकना उचित नहीं है। विधायक विजमा यादव, संदीप पटेल और गीता शास्त्री ने संयुक्त बयान में कहा कि सपा लोकतांत्रिक और संवैधानिक तरीके से इस कार्रवाई का विरोध करेगी। उन्होंने कहा कि निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव को लेकर उठाए जा रहे सवालों पर चर्चा जरूरी है। पार्टी प्रवक्ता दान बहादुर सिंह मधुर ने बताया कि 8 अक्टूबर को दोपहर 12 बजे जार्ज टाउन स्थित सपा जिला कार्यालय से बालसन स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा तक पैदल मार्च निकाला जाएगा। इसमें पार्टी के नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल होंगे। बालसन पहुंचने के बाद संविधान के अनुच्छेद 326 का पाठ किया जाएगा और इसके बाद राष्ट्रगान होगा। पार्टी की ओर से कार्यकर्ताओं से कार्यक्रम में शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से शामिल होने की अपील की गई है। बैठक में रविन्द्र यादव एडवोकेट, जगदीश यादव, शकील अहमद, बृज लाल यादव, श्याम सूरत, अमर सिंह, बच्चा यादव, भागीरथी बिन्द, सोम दत्त पटेल, ननकेश बाबू यादव, मो. अजहर, ओपी यादव, कृपा शंकर बिन्द, राम अवध पाल, आरएन यादव और सचिन श्रीवास्तव समेत कई नेता मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)