अखिलेश यादव ने रामगोविन्द चौधरी को दी श्रद्धांजलि:बोले- इनके जाने से समाजवादी आंदोलन और पार्टी को बहुत बड़ी क्षति
समाजवादी नेता रामगोविन्द चौधरी के निधन के बाद शनिवार को सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने लखनऊ में उनके आवास पर पहुंचकर श्रद्धांजलि दी। अखिलेश यादव ने रामगोविन्द चौधरी के बेटे रंजीत यादव और परिवार के दूसरे सदस्यों को सांत्वना भी दी। इस दौरान यूपी सरकार के कैबिनेट मंत्री और सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर, परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह समेत कई राजनीतिक हस्तियों ने भी श्रद्धांजलि अर्पित की। मीडिया से बात करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि रामगोविन्द चौधरी उस दौर के नेता थे, जब समाजवादी अपनी पहचान बना रहे थे। उन्होंने समाजवाद के लिए अपना पूरा जीवन लगा दिया। अखिलेश ने कहा कि उनके जाने से समाजवादी आंदोलन और पार्टी को बहुत नुकसान हुआ है। वह जेपी आंदोलन, प्रधानमंत्री चंद्रशेखर, जनेश्वर मिश्र और मुलायम सिंह यादव जैसे बड़े नेताओं के साथ काम कर चुके थे। सदन में भी वे अपनी बात प्रभावी ढंग से रखते थे। बता दें कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव तथा पूर्व नेता प्रतिपक्ष रामगोविन्द चौधरी का निधन शुक्रवार की रात लखनऊ के पीजीआई अस्पताल में इलाज के दौरान हो गया। वह 82 वर्ष के थे। पिछले करीब दो वर्षों से वह हृदय रोग की गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे।आठ बार के विधायक तथा तीन बार मंत्री रहे राम गोविन्द चौधरी का पार्थिव शरीर शनिवार को दोपहर बाद बलिया पहुंचने की संभावना है।पूर्व नेता प्रतिपक्ष का अंतिम संस्कार बलिया में होगा। लखनऊ से बलिया आने के बाद समाजवादी पार्टी के कद्दावर नेता का पार्थिव शरीर जनता दर्शन के लिए रखा जायेगा।
बता दें कि राम गोविन्द चौधरी के निधन की खबर मिलते ही बलिया समेत पूरे प्रदेश में शोक की लहर दौड़ गई। विभिन्न राजनीतिक दलों के सांसदों, विधायकों, विधान परिषद सदस्यों और कार्यकर्ताओं ने सोशल मीडिया के माध्यम से शोक संवेदना व्यक्त की। राम गोविंद चौधरी का जन्म सिकंदरपुर विधानसभा क्षेत्र के गोसाईपुर गांव में 9 जुलाई 1946 को हुआ था। रामगोविन्द चौधरी ने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत छात्र राजनीति से की थी। वह बलिया शहर के टीडी कॉलेज के छात्रसंघ अध्यक्ष रहे थे। वर्ष 1977 में उन्होंने पहली बार चिलकहर विधानसभा के टिकट पर विधानसभा चुनाव लड़ा और जीत दर्ज की। वह चिलकहर विधानसभा से पांच बार विधायक रहे। इसके बाद वर्ष 2002, 2012 और 2017 के विधानसभा चुनाव में बांसडीह विधानसभा से विजय हासिल कर तीन बार विधायक बने। रामगोविन्द चौधरी तीन बार प्रदेश सरकार में मंत्री तथा एक बार नेता प्रतिपक्ष भी रहें। रामगोविन्द चौधरी 1990 में उद्यान प्रसंस्करण मंत्री रहें। दूसरी बार वर्ष 2003 में मुलायम सिंह यादव के मंत्रीमंडल में बाल विकास पुष्टाहार मंत्री बने। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की सरकार में रामगोविन्द चौधरी वर्ष 2012 से 2017 तक बेसिक शिक्षा व बाल विकास पुष्टाहार मंत्री पद पर भी कार्य किया। रामगोविन्द चौधरी वर्ष 2017 से 2022 तक विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष पद पर विराजमान रहें।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)