अलीगढ़ में मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ प्रदर्शन:सेंटर पॉइंट से कलेक्ट्रेट तक निकाला जुलूस, ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ के नारों से गूंजा इलाका

Oct 08, 2026 - 13:17
0
अलीगढ़ में मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ प्रदर्शन:सेंटर पॉइंट से कलेक्ट्रेट तक निकाला जुलूस, ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ के नारों से गूंजा इलाका
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार गुप्ता के खिलाफ कांग्रेस के देशव्यापी आंदोलन के तहत गुरुवार को अलीगढ़ में कांग्रेसियों ने जोरदार प्रदर्शन किया। पूर्व विधायक विवेक बंसल के आवास पर मैरिस रोड में जुटे कांग्रेसियों ने जुलूस निकाला। प्रदर्शनकारी सेंटर पॉइंट चौराहे पर पहुंचे और काफी देर तक धरना-प्रदर्शन किया। इसके बाद नारेबाजी करते हुए घंटाघर, दीवानी न्यायालय के सामने से कलेक्ट्रेट पहुंचे। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं के हाथों में पार्टी के झंडे थे और वे ‘वोट चोर गद्दी छोड़’, ‘ज्ञानेश गुप्ता कहां मिलेंगे, भाजपा की गोद में’ समेत अन्य नारों से चुनाव आयोग और भाजपा सरकार के खिलाफ आक्रोश जताते रहे। सेंटर पॉइंट से लेकर कलेक्ट्रेट तक जुलूस के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं की भीड़ के चलते माहौल गरम रहा। कलेक्ट्रेट गेट बंद, बाहर ही धरने पर बैठे कांग्रेसी कांग्रेस कार्यकर्ताओं के कलेक्ट्रेट पहुंचने से पहले ही पुलिस ने मुख्य गेट बंद कर दिया। प्रदर्शनकारियों को कलेक्ट्रेट परिसर में प्रवेश नहीं करने दिया गया। इससे नाराज कांग्रेस कार्यकर्ता गेट के बाहर ही धरने पर बैठ गए। काफी देर तक नारेबाजी और प्रदर्शन चलता रहा। बाद में कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने एसीएम को ज्ञापन सौंपा, जिसके बाद प्रदर्शनकारी वापस लौट गए। विवेक बंसल बोले- लोकतंत्र की हत्या हो रही पूर्व विधायक विवेक बंसल की अगुवाई में हुए प्रदर्शन में उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार गुप्ता और भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कांग्रेस के आह्वान पर आयोजित आंदोलन को लोकतंत्र और चुनावी व्यवस्था की रक्षा की लड़ाई बताया। बंसल ने आरोप लगाया कि चुनाव प्रक्रिया को लेकर विपक्ष की चिंताओं को नजरअंदाज किया जा रहा है और लोकतांत्रिक संस्थाओं की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े हो रहे हैं। प्रदर्शन में कांग्रेस जिलाध्यक्ष ठाकुर सौम्यवीर सिंह, महानगर अध्यक्ष नवेद खान, बॉबी वसी, नदीम गफूर समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User