अलीगढ़ में घर में घुसकर महिला से छेड़छाड़:कपड़े फाड़ने की कोशिश; विरोध पर बेटे से मारपीट, महिला की शिकायत पर एफआईआर दर्ज
कोतवाली नगर क्षेत्र के तुर्कमान गेट इलाके में घर में अकेली महिला के साथ छेड़छाड़ और कपड़े फाड़ने की कोशिश का मामला सामने आया है। आरोप है कि मोहल्ले का ही कुलदीप घर में घुस आया और महिला के साथ अश्लील हरकतें करने लगा। महिला की आंख खुलने पर उसने आरोपी का विरोध किया और धक्का देकर हटाने की कोशिश की। इसके बावजूद आरोपी नहीं माना। शोर मचाने पर वह मौके से भागने लगा। महिला के बेटे ने उसे पकड़ने की कोशिश की तो आरोप है कि आरोपी ने उसके साथ भी मारपीट की।
पुलिस को दी गई शिकायत के मुताबिक, घटना के समय महिला घर में अकेली सो रही थी, जबकि उसका छोटा बेटा सामान लेने बाहर गया था। इसी दौरान आरोपी घर में घुस आया और दरवाजा बंद कर महिला के पास पहुंच गया। आरोप है कि उसने महिला के पेट और सीने पर हाथ फेरा। नींद खुलने पर महिला ने उसे धक्का दिया, लेकिन वह नहीं हटा और बदसलूकी करने लगा। महिला ने विरोध करते हुए शोर मचाया और पड़ोसियों को आवाज दी।
भागते समय गिरा आरोपी, बेटे से भी भिड़ा
शिकायत में बताया गया है कि महिला के शोर मचाने पर आरोपी वहां से भागने लगा और इसी दौरान गिर गया। महिला के बेटे ने उसे पकड़ने का प्रयास किया तो आरोपी ने उसके साथ मारपीट कर दी। बीच-बचाव के बाद आरोपी अपने घर में जाकर छिप गया। महिला ने आरोपी के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है।
मामला कोतवाली नगर क्षेत्र का है। पुलिस की ओर से रविवार रात एफआईआर दर्ज कर जांच की जिम्मेदारी उपनिरीक्षक राघवेंद्र सिंह दी गई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)