प्रयागराज से MP तक गोवंश सप्लाई का नेटवर्क:रैकेट का भंडाफोड़, गायों को पिकअप में ठूंसकर रीवा ले जा रहे तीन तस्कर गिरफ्तार
प्रयागराज के कीडगंज में सोमवार सुबह विहिप गोरक्षा के कार्यकर्ताओं ने गोवंश लदा एक पिकअप पकड़ा। पिकअप में तीन गोवंश लदे हुए थे, जिन्हें रस्सियों से बांधा गया था। कार्यकर्ताओं ने गोवंशों को वध के लिए ले जाए जाने की आशंका जताई। सूचना पर पहुंची कीडगंज पुलिस ने पिकअप को कब्जे में लेकर उसमें सवार तीन लोगों को हिरासत में ले लिया। पूछताछ के बाद पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर देर शाम जेल भेज दिया। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में सामने आया कि तीनों आरोपी सरायइनायत से गोवंश लेकर मध्य प्रदेश के रीवा जिले में सप्लाई करने जा रहे थे। वे रीवा में रहने वाले एक व्यक्ति को गोवंश पहुंचाते थे। आरोपियों ने पहले भी कई बार उसके पास गोवंश पहुंचाने की बात स्वीकार की है। एडीसी कॉलेज के पास सुबह छह बजे पकड़ा विहिप गोरक्षा के प्रांत मंत्री लालमनि तिवारी ने बताया कि काफी समय से सरायइनायत से प्रयागराज शहर के रास्ते गोवंशों की तस्करी किए जाने की सूचना मिल रही थी। सोमवार सुबह भी जानकारी मिली कि कुछ लोग पिकअप पर गोवंश लादकर सरायइनायत से निकले हैं। इस पर विहिप गोरक्षा के कार्यकर्ता सक्रिय हो गए। सुबह करीब छह बजे एडीसी कॉलेज के पास एक संदिग्ध पिकअप को रोक लिया गया। पिकअप में सवार तीनों लोग उतरकर भागने लगे, लेकिन कार्यकर्ताओं ने उन्हें पकड़ लिया। पिकअप के पिछले हिस्से को पॉलिथिन से ढंका गया था। कार्यकर्ताओं ने पॉलिथिन हटाकर देखा तो उसमें तीन गोवंश लदे मिले। आरोप है कि उन्हें निर्दयता से बांधा गया था। गोवंशों को ले जाने के संबंध में पूछताछ करने पर तीनों लोग स्पष्ट जवाब नहीं दे सके। पुलिस ने दर्ज की एफआईआर, तीनों को जेल भेजा इसके बाद कार्यकर्ताओं ने पुलिस को सूचना दी। कुछ ही देर में कीडगंज पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने पिकअप को कब्जे में लेकर तीनों लोगों को हिरासत में ले लिया और थाने ले जाकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में गोवंशों को सरायइनायत से मध्य प्रदेश के रीवा जिले ले जाकर सप्लाई करने की जानकारी सामने आई। वहां रहने वाले एक व्यक्ति को पहले भी गोवंश पहुंचाए जाने की बात पता चली है। एसीपी कर्नलगंज विवेक कुमार यादव ने बताया कि मामले में आरोपियों के खिलाफ गोवध अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर देर शाम जेल भेज दिया गया। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)